कभी-कभी हम खाली समय में अपनी ही एक अलग दुनिया बना लेते हैं. कभी खुद को सफल होते देखते हैं, कभी किसी ऐसी कहानी का हिस्सा बन जाते हैं जो असल में कभी हुई ही नहीं. खुली आंखों से सपने देखना यानी Daydreaming एक सामान्य प्रक्रिया है. इससे रचनात्मक सोच बढ़ती है, मन को सुकून मिलता है और कई बार भावनाओं को समझने में भी मदद मिलती है. लेकिन परेशानी तब शुरू होती है, जब यही काल्पनिक दुनिया असल जिंदगी से ज्यादा अच्छी लगने लगे और इंसान घंटों इसमें खोया रहने लगे.
मनोविज्ञान में इस स्थिति को Maladaptive Daydreaming कहा जाता है. इसमें व्यक्ति अपने मन में इतनी गहरी और विस्तृत कहानियां बनाने लगता है कि धीरे-धीरे उसका रोजमर्रा का जीवन प्रभावित होने लगता है. कुछ गंभीर मामलों में लोग दिन के 12 घंटे तक अपनी कल्पनाओं में बिता सकते हैं. एक अनुमान के मुताबिक, करीब 2 से 4 प्रतिशत वयस्क इस समस्या से प्रभावित हो सकते हैं.
कब सामान्य आदत बन जाती है परेशानी?
Daydreaming करना अपने आप में कोई बुरी बात नहीं है. शोध के मुताबिक, जागते समय हमारी 30 से 50 प्रतिशत मानसिक गतिविधियां उन विचारों में गुजरती हैं, जिनका उस समय किए जा रहे काम से सीधा संबंध नहीं होता. कल्पनाएं हमें बोरियत से बाहर निकालने, भावनाओं को संतुलित करने और क्रिएटिविटी बढ़ाने में मदद कर सकती हैं.
लेकिन Maladaptive Daydreaming में व्यक्ति अपनी कल्पनाओं पर नियंत्रण खोने लगता है. वह मन में अलग-अलग किरदार और कहानियां बनाता है और घंटों उन्हीं में डूबा रहता है. कई बार उसे पता होता है कि ये सब वास्तविक नहीं है, फिर भी वह इनसे बाहर नहीं आ पाता.
इसका असर पढ़ाई, काम, रिश्तों और सामाजिक जीवन पर पड़ने लगता है. व्यक्ति जरूरी काम टालने लगता है और कल्पनाओं में समय बिताने की आदत बार-बार दोहराता है.
क्यों बनने लगती है अपनी अलग दुनिया?
इस स्थिति के पीछे कई भावनात्मक कारण हो सकते हैं. कुछ शोध बताते हैं कि बचपन में अकेलापन, भावनात्मक उपेक्षा, ट्रॉमा या रिश्तों में असुरक्षा का अनुभव करने वाले लोग कल्पनाओं को एक सुरक्षित जगह की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं.
उदाहरण के तौर पर, अगर किसी व्यक्ति को असल जिंदगी में अकेलापन महसूस होता है या उसे लगता है कि लोग उसे पसंद नहीं करते, तो वह अपनी कल्पनाओं में ऐसी दुनिया बना सकता है जहां उसे प्यार, पहचान और सफलता मिलती है.
कुछ लोग खुद को किसी फिल्म का हीरो, सफल व्यक्ति या ऐसी स्थिति में देखते हैं जहां उनकी हर इच्छा पूरी हो रही होती है. शुरुआत में यह अनुभव अच्छा लग सकता है, लेकिन धीरे-धीरे व्यक्ति असल जिंदगी की चुनौतियों से दूर होने लगता है.
संगीत सुनना और टहलना भी हो सकता है संकेत
इस स्थिति से जूझ रहे कुछ लोग अपनी कल्पनाओं में डूबने के लिए खास गतिविधियां करने लगते हैं. जैसे बार-बार संगीत सुनना, कमरे में इधर-उधर टहलना, आगे-पीछे झूलना या किसी एक जगह पर लगातार घूमते रहना.
कई बार ये गतिविधियां इतनी आदत बन जाती हैं कि व्यक्ति इनके बिना अपनी कल्पनाओं में ठीक से डूब नहीं पाता. धीरे-धीरे वह लोगों से मिलना-जुलना कम कर सकता है. इसका असर उसके काम, पढ़ाई और रिश्तों पर भी पड़ सकता है.
ADHD और Depression से भी हो सकता है संबंध
कुछ रिसर्च में Maladaptive Daydreaming का संबंध ADHD, OCD, Depression और Anxiety जैसी मानसिक स्थितियों से भी देखा गया है. एक अध्ययन में ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर वाले 235 वयस्कों को शामिल किया गया था. इनमें से 43 प्रतिशत लोगों ने Maladaptive Daydreaming का अनुभव बताया.
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि ज्यादा कल्पनाएं करने वाला हर व्यक्ति ADHD या OCD से प्रभावित है. विशेषज्ञों के मुताबिक, Maladaptive Daydreaming को अभी इन स्थितियों से अलग एक अनुभव के रूप में समझा जाता है.
क्या इससे बाहर निकलना संभव है?
इस स्थिति के लिए अभी तक कोई स्टैंडर्ड ट्रीटमेंट तय नहीं हुआ है. इसे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी आधिकारिक डायग्नोसिस की किताबों DSM और ICD में भी शामिल नहीं किया गया है. इस विषय पर अभी और बड़े स्तर पर रिसर्च की जरूरत है.
हालांकि, शुरुआती रिसर्च और कुछ केस स्टडी में साइकोथेरेपी से मदद मिलने की बात सामने आई है. थेरेपी के दौरान व्यक्ति को यह समझने में मदद मिलती है कि उसकी कल्पनाएं किन परिस्थितियों में शुरू होती हैं, वह बार-बार उनमें क्यों खो जाता है और अपनी भावनाओं को बेहतर तरीके से कैसे संभाल सकता है.
इसका मकसद कल्पनाओं को पूरी तरह खत्म करना नहीं, बल्कि उन पर नियंत्रण बनाना है. अगर कल्पनाओं की वजह से पढ़ाई, काम, नींद या रिश्ते प्रभावित हो रहे हैं, तो किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से बात करना मददगार हो सकता है.
याद रखें, सपने देखना और कल्पनाओं में खोना गलत नहीं है. परेशानी तब है, जब आपकी बनाई हुई दुनिया आपकी असली जिंदगी पर हावी होने लगे.
"कभी-कभी हम खाली समय में अपनी ही एक अलग दुनिया बना लेते हैं. कभी खुद को सफल होते देखते हैं, कभी किसी ऐसी कहानी का हिस्सा बन जाते हैं जो असल म…"













