दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में मशहूर पंजाबी गायक गुरु रंधावा के जिम के बाहर गुरुवार सुबह फायरिंग की घटना सामने आई. राहत की बात यह रही कि इस गोलीबारी में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
फायरिंग के कुछ समय बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया. अनिल पंडित के फिलहाल अमेरिका में होने की बात कही जा रही है. उसने अपनी पोस्ट में इस हमले के पीछे की वजह भी बताई है.
सलमान खान से नजदीकी बताई वजह
पोस्ट में दावा किया गया कि गुरु रंधावा को पहले भी चेतावनी दी गई थी कि वे अभिनेता सलमान ख़ान से दूरी बनाकर रखें. गैंग का आरोप है कि इन चेतावनियों को नजरअंदाज करने के कारण यह हमला किया गया. हालांकि पुलिस अभी इन दावों की सत्यता की जांच कर रही है.
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
दिल्ली पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. साथ ही सोशल मीडिया पर किए गए दावों की भी जांच की जा रही है.
बढ़ी सुरक्षा, इलाके में सतर्कता
घटना के बाद गुरु रंधावा और उनके जिम की सुरक्षा को लेकर भी बातचीत तेज हो गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द पकड़ने का कोशिश की जा रही है. फिलहाल किसी के घायल न होने से बड़ी राहत मिली है.
"दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में मशहूर पंजाबी गायक गुरु रंधावा के जिम के बाहर गुरुवार सुबह फायरिंग की घटना सामने आई. राहत की बात यह रही कि इ…"
