अगर आप सोना या चांदी खरीदने की सोच रहे हैं तो आज का दिन आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. शुक्रवार को सोना और चांदी दोनों की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना 3,000 रुपये से ज्यादा सस्ता हुआ, जबकि चांदी की कीमत में करीब 8,000 रुपये तक की गिरावट दर्ज की गई.

शुक्रवार को भारत में सोने का भाव लगभग 1,47,190 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा. प्रमुख शहरों की बात करें तो मुंबई में 24 कैरेट सोना करीब 1,46,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है. कोलकाता में यह 1,46,310 रुपये और दिल्ली में 1,46,130 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास रहा.

भारत में चांदी का भाव शुक्रवार को करीब 2,32,100 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया. मुंबई में चांदी लगभग 2,30,510 रुपये प्रति किलो रही, दिल्ली में 2,30,120 रुपये, चेन्नई में 2,31,180 रुपये, हैदराबाद में 2,30,880 रुपये और बेंगलुरु में 2,30,700 रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार हुआ. कोलकाता में चांदी का भाव करीब 2,30,210 रुपये प्रति किलो रहा.

MCX पर सोना और चांदी में बड़ी गिरावट

MCX पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना अपने पिछले बंद भाव 1,49,309 रुपये से गिरकर लगभग 1,45,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के दिन के निचले स्तर तक पहुंच गया. दिन की शुरुआत में सोना 1,47,175 रुपये पर खुला था, लेकिन बाद में इसमें तेज गिरावट देखने को मिली और यह करीब 1,46,402 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड करता रहा.

इसी तरह जुलाई डिलीवरी वाली चांदी भी अपने पिछले बंद भाव 2,37,572 रुपये से गिरकर 2,32,371 रुपये पर खुली. इसके बाद इसमें और दबाव आया और चांदी 2,28,800 रुपये प्रति किलो के निचले स्तर तक पहुंच गई. बाद में यह करीब 2,29,068 रुपये प्रति किलो पर कारोबार करती दिखी.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव

घरेलू बाजार की तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली.

  • कॉमेक्स गोल्ड 2.4 प्रतिशत गिरकर 4,141 डॉलर पर पहुंच गया.
  • कॉमेक्स सिल्वर 4.3 प्रतिशत टूटकर 63.45 डॉलर पर कारोबार करता नजर आया.

क्या आगे और सस्ता होगा सोना?

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि सोना पिछले समय में अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे आ चुका है, लेकिन अभी यह कहना मुश्किल है कि कीमतों में गिरावट यहीं रुक जाएगी। बाजार में अभी भी उतार-चढ़ाव की संभावना बनी हुई है.

विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ बड़े कारण हैं जो आने वाले समय में सोने को सपोर्ट दे सकते हैं. इनमें दुनिया भर का बढ़ता सरकारी कर्ज, केंद्रीय बैंकों द्वारा लगातार सोने की खरीद और रिजर्व करेंसी को लेकर बढ़ती चिंता शामिल है.

विशेषज्ञों का मानना है कि शॉर्ट टर्म में सोना और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है. लेकिन जिन लोगों का नजरिया लंबे समय (5 साल या उससे ज्यादा) का है, वे इस गिरावट को निवेश के अवसर के रूप में देख सकते हैं.

सोना और चांदी दोनों में लगातार तीसरे दिन बड़ी गिरावट देखने को मिली है. हालांकि यह कहना मुश्किल है कि कीमतों में गिरावट यहीं रुक जाएगी या आगे भी जारी रहेगी. लेकिन लंबी अवधि के निवेशकों की नजर एक बार फिर सोना और चांदी पर टिकने लगी है. ऐसे में जो लोग लंबे समय के लिए निवेश करना चाहते हैं, वे इस गिरावट को एक अवसर के रूप में देख सकते हैं.

"अगर आप सोना या चांदी खरीदने की सोच रहे हैं तो आज का दिन आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. शुक्रवार को सोना और चांदी दोनों की कीमतों में बड़ी गिर…"