FIFA World Cup 2026 का चैम्पियन कौन होगा इसका फैसला 20 जुलाई को हो जाएगा. फिलहाल सेमीफाइनल के लिए टीमों के बीच जंग जारी है. सेमीफाइनल के लिए चार टीमों में से 2 टीमें तय हो चुकी हैं. दो जगहों के लिए अर्जेंटीना-स्विट्जरलैंड और नॉर्वे-इंग्लैंड के बीच मुकाबला आज देर रात को होगा.

अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के बीच किसका पलड़ा भारी 
डिफेंडिंग चैम्पियन अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के मैच में कहीं न कहीं मेसी की टीम का पलड़ा भारी लग रहा है. एक तरफ अर्जेंटीना है जिसने अपने सारे मुकाबले जीत कर यहां तक का सफर तय किया है वहीं स्विट्जरलैंड ने भी प्रदर्शन तो ठीक किया है. पर कुछ मुकाबलों में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी है. 

अर्जेंटीना ने ग्रुप स्टेज में अल्जीरिया को 3-0 से, ऑस्ट्रिया को 2-0 से, जॉर्डन को 3-1 से हराया. वहीं राउंड ऑफ 32 में उसने केप वर्डे को 3-2 से हराया. ग्रुप ऑफ-16 में उसने इजीप्ट को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई.

स्विट्जरलैंड का सफर उतना आसान नहीं रहा. ग्रुप स्टेज के पहले मुकाबले में ही इस टीम ने कतर के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला, बोस्निया एंड हर्जेगोविना से 4-1 से मैच जीता वहीं कनाडा को 2-1 से हराकर ग्रुप ऑफ-32 में अपनी जगह बनाई. ग्रुप ऑफ-32 में अल्जीरिया को 2-0 हराया फिर ग्रुप ऑफ-16 में बड़ी मुश्किल से कोलंबिया को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से हराया. इस तरह से उसने 72 वर्षों के बाद क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. इससे पहले आखिरी बार स्विट्जरलैंड ने 1954 में क्वार्टर फाइनल खेला था. अब अगर उसे अर्जेंटीना जैसी मजबूत टीम को हराना है तो अपना बेस्ट खेल दिखाना होगा. इस मैच में अर्जेंटीना का पलड़ा भारी लग रहा है और उम्मीद के मुताबिक सेमीफाइनल की प्रबल दावेदार है.

हालैंड को रोक लिया तो इंग्लैंड पलट सकता है बाजी
यह मैच दो दमदार खिलाड़ियों के बीच है. नॉर्वे के लिए जो काम हालैंड कर रहे हैं वैसा ही काम हैरी केन इंग्लैंड के लिए कर रहे हैं. इस मैच में जो टीम एकजुटता दिखा पाएगी वह बाजी मार ले जाएगी. इन दो टीमों के अब तक के मैचों के आंकड़ों पर गौर करें तो नॉर्वे का पलड़ा थोड़ा सा भारी है. नॉर्वे ने जहां अब तक 15 गोल किए हैं और 6 खाए हैं वहीं इंग्लैंड ने 11 गोल किए हैं और 5 गोल खाए हैं. 

ग्रुप स्टेज के पहले मैच में इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 से हराया था, वहीं घाना से हुआ मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ था. ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में पनामा को 2-0 से हराया और ग्रुप ऑफ-32 में जगह बनाई. कॉन्गो से हुए ग्रुप ऑफ-32 में टीम ने 2-1 से जीत हासिल की वहीं ग्रुप ऑफ-16 में मेक्सिको को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई.

नॉर्वे ने अपने फीफा अभियान की शुरुआत इराक के खिलाफ 4-1 की जीत के साथ किया. इसके बाद सेनेगल से 3-2 और फिर फ्रांस से 4-1  से जीत कर राउंड ऑफ-32 में जगह बनाई. राउंड ऑफ-32 में कोट डी आइवर को 2-1 से मात देने के बाद ग्रुप ऑफ-16 में ब्राजील को 2-1 से हराया और क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. अब देखने वाली बात है कि सेमीफाइनल में हालैंड का जादू चलता है या हैरी केन का हरिकेन. 

"FIFA World Cup 2026 का चैम्पियन कौन होगा इसका फैसला 20 जुलाई को हो जाएगा. फिलहाल सेमीफाइनल के लिए टीमों के बीच जंग जारी है. सेमीफाइनल के लिए…"