भारत में फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है. फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्रसारण और डिजिटल स्ट्रीमिंग के अधिकार अब जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज (ZEEL) के पास आ गए हैं. यह डील 30 से 35 मिलियन डॉलर यानी करीब 250 से 290 करोड़ रुपये में तय हुई है.
इस घोषणा के बाद से जी के शेयर में तीन से पांच फीसदी का उछाल देखने को मिला है. गौरतलब है कि आंतिम बार जब फीफा विश्व कप का आयोजन हूआ था तब यह आधिकार जीओ के पास था.
कहां देख सकेंगे वर्ल्ड कप
टीवी पर फीफा वर्ल्ड कप के मैच जी के नए चैनलों पर दिखाए जाएंगे. जी ने इसके लिए चार नए चैनल लॉन्च किए हैं जिनके नाम हैं यूनाइटेड 8 स्पोर्ट्स 1, यूनाइटेड 8 भारत 1 एचडी, यूनाइटेड 8 स्पोर्ट्स 2 और यूनाइटेड 8 स्पोर्ट्स एचडी 2.
वहीं डिजिटल स्ट्रीमिंग के लिए जी का अपना प्लेटफॉर्म ZEE5 होगा. कमेंट्री हिंदी, अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में होगी. वर्ल्ड कप 11 जून से शुरू होकर 19 जुलाई 2026 तक चलेगा.
इस बार का वर्ल्ड कप सबसे बड़ा
इस बार फीफा वर्ल्ड कप तीन देशों अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में खेला जाएगा. पिछली बार 2022 में कतार में हुए वर्ल्ड कप में 32 टीमें थीं लेकिन इस बार टीमों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है. मैचों की संख्या भी 64 से बढ़कर 104 हो गई है यानी 40 मैच ज्यादा.
यह अब तक का सबसे बड़ा फीफा वर्ल्ड कप होगा. इनाम राशि की बात करें तो 2022 में विजेता टीम को 38 मिलियन डॉलर मिले थे जो इस बार बढ़कर 50 मिलियन डॉलर हो जाएगी यानी करीब 32 फीसदी का इजाफा.
डील क्यों अटकी रही इतने समय तक
यह डील काफी लंबे समय से अटकी हुई थी. फीफा ने शुरुआत में 100 मिलियन डॉलर की मांग रखी थी जो भारतीय ब्रॉडकास्टरों के लिए बहुत ज्यादा थी. जिओ हॉटस्टार ने 20 मिलियन का ऑफर दिया जो फीफा ने ठुकरा दिया. सोनी से भी बातचीत हुई लेकिन वहां से कोई ऑफर नहीं आया. आखिरकार फीफा को अपनी मांग में 65 फीसदी की कटौती करनी पड़ी और यह डील 30 से 35 मिलियन डॉलर पर जी के साथ फाइनल हुई.
पैसों के अलावा एक और बड़ी वजह थी जिसकी वजह से कंपनियां इस डील से दूर भाग रही थीं. 104 मैचों में से करीब 90 फीसदी मैच भारतीय समय के अनुसार आधी रात से सुबह 6 बजे के बीच खेले जाएंगे. अमेरिका और कनाडा का समय भारत से बिल्कुल उलटा पड़ता है. ऊपर से भारत इस टूर्नामेंट में हिस्सा भी नहीं ले रहा. ऐसे में निवेश पर मुनाफा कमाना बेहद मुश्किल था. यही वजह रही कि बड़ी कंपनियां इस डील से बचती रहीं. आखिर में जी ने यह जिम्मेदारी उठाई.
सिर्फ 2026 नहीं, 2030 तक के अधिकार मिले
Zee ने यह डील सिर्फ 2026 वर्ल्ड कप के लिए नहीं की है. इस समझौते में 2027 फीफा महिला विश्व कप, 2030 फीफा वर्ल्ड कप और 29 अन्य बड़े फुटबॉल आयोजनों के अधिकार भी शामिल हैं. इसके साथ ही फीफा पुरुष अंडर-19 और अंडर-17 विश्व कप के जो टूर्नामेंट 2026 से 2034 के बीच होने हैं उनके अधिकार भी जी को मिल गए हैं. यानी अगले कई साल तक बड़े फुटबॉल इवेंट भारत में जी के जरिए ही देखने को मिलेंगे.
ये भी पढ़ें: सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हमला, शर्ट फाड़ी; BJP कार्यकर्ताओं पर आरोप
"भारत में फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है. फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्रसारण और डिजिटल स्ट्रीमिंग के अधिकार अब जी एंटरटेनमेंट एंटर…"
