दलीप ट्रॉफी का आगाज 23 अगस्त को हो गया था. क्वार्टर फाइनल में हुए मुकाबलों के नतीजे आ चुके हैं. सेमीफाइनल के लिए सभी टीमें तय हो चुकी हैं. क्वार्टर फाइनल में हुए ईस्ट जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के मुकाबले में ईस्ट जोन ने बाजी मारी. वहीं नॉर्थ जोन और वेस्ट जोन के बीच हुए मुकाबले में नॉर्थ जोन ने जीत हासिल कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया.
शाहबाज का जांबाज प्रदर्शन
नॉर्थ ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर ईस्ट जोन को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट जोन की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. 25 के स्कोर पर ईस्ट जोन ने अपने दो विकेट खो दिए थे. उसके बाद आए कुमार कुशाग्र और सुदीप ने पारी को संभाला और दोनों के बीच 92 रन की साझेदारी हुई. 117 रन के टीम स्कोर पर ईस्ट जोन का तीसरा विकेट गिरा. कुशाग्र 55 के स्कोर पर आकाश चौधरी का शिकार हुए. उसके बाद ईस्ट जोन ने बहुत कम अंतराल में बहुत जल्दी ही दो और विकेट खोए. इस तरह एक समय पर 5 विकेट खोकर टीम 138 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी.
7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए शाहबाज अहमद ने एक छोर पर टिके सुदीप का बखूबी साथ दिया. दोनों ने 6वें विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी कर के टीम को मजबूत स्थिति में लाया. सुदीप ने 146 रन की शानदार पारी खेली. ईस्ट जोन का 7वां विकेट 288 रन के स्कोर पर गिरा. इसके बाद शाहबाज ने अनुकूल रॉय के साथ मिलकर एक और शतकीय साझेदारी की. दोनों के बीच 103 रन की बढ़िया साझेदारी हुई. ईस्ट जोन ने 10 विकेट खोकर 467 रन बनाए. शाहबाज ने सबसे ज्यादा 167 रन बनाए. नॉर्थ जोन की तरफ से आकाश चौधरी और जोतिन ने 3-3 विकेट लिया.
पारी से हारा नॉर्थ ईस्ट जोन
नॉर्थ ईस्ट जोन की पारी शुरु तो हुई पर खत्म होने भी देर नहीं लगी. टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. पूरी टीम 111 रन के स्कोर पर ढेर हो गई. अभिजीत सरकार ने 5 विकेट लिए वहीं शाहबाज अहमद ने 3 विकेट निकाले. फॉलो ऑन के बाद फिर से बैटिंग करने आए नॉर्थ ईस्ट जोन की टीम का हाल पहली पारी की तरह ही रही. टीम की दूसरी पारी भी 146 रन पर ऑल आउट हो गई. इस तरह नॉर्थ ईस्ट जोन यह मैच पारी और 210 रन से हार गई.
नॉर्थ जोन ने वेस्ट जोन को हराया
दूसरे क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ जोन ने वेस्ट जोन को 52 रनों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने आई नॉर्थ जोन ने पहली पारी में 251 रन बनाए. नॉर्थ जोन की तरफ से पहली पारी में सबसे ज्यादा रन 9वें नंबर के बल्लेबाज अंशुल कंबोज ने बनाए. उनके अलावा आयुष बडोनी ने 51 और आयुष दोसेजा ने 42 रन बनाए. पहली पारी के लिए वेस्ट जोन की शुरुआत खराब रही. पूरे पारी में ही कोई बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर सका. शम्स मुलानी ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए. उनके अलावा मुशीर खान ने 31 रन की पारी खेली. पहली पारी में टीम 187 रन पर ऑल आउट हो गई.
यह मैच एक लो स्कोरिंग टेस्ट मैच था. कोई भी टीम बहुत बड़ा टोटल बनाने में सफल नहीं हो पा रही थी. दूसरी पारी के लिए उतरी नॉर्थ जोन ने 10 विकेट खोकर 222 रन बनाए. और वेस्ट जोन को 287 रनों का लक्ष्य दिया. 287 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट जोन खराब शुरुआत के बाद थोड़ी संभली जरूर पर बल्लेबाजों की वह कोशिश मैच जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुए. दूसरी पारी में वेस्ट जोन की तरफ से मुशीर खान ने 96 रन बनाए. वहीं कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 66 रन की पारी खेली. इनके अलावा कोई और बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया और टीम 234 रनों पर ऑल आउट हो जाती है. इस तरह नॉर्थ जोन यह मैच 52 रनों से जीत जाती है.
सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन का मुकाबला ईस्ट जोन से है और साउथ जोन का सामना नॉर्थ जोन से होना है. दोनों मैच 30 अगस्त से खेले जाएंगे.
"दलीप ट्रॉफी का आगाज 23 अगस्त को हो गया था. क्वार्टर फाइनल में हुए मुकाबलों के नतीजे आ चुके हैं. सेमीफाइनल के लिए सभी टीमें तय हो चुकी हैं. क…"
