कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन की अनुमति को लेकर शुक्रवार रात ही दिल्ली पुलिस ने पार्टी के तीन प्रवक्ताओं में से एक सौरव दास से संपर्क किया था. उन्हें संसद मार्ग थाने बुलाकर विरोध प्रदर्शन की अनुमति लेने के लिए कहा गया था, लेकिन सौरव दास ने पुलिस के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया.

सूत्रों के मुताबिक, सौरव दास का कहना था कि पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके स्वयं दिल्ली आकर ही अनुमति प्राप्त करेंगे. इसके बाद शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे अभिजीत दीपके ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति ली.

दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की एकमुश्त अनुमति दी है. पार्टी ने अपने समर्थकों से अपील की है कि वे सीधे जंतर-मंतर पहुंचें और संसद मार्ग थाने या इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एकत्र न हों.

अभिजीत दीपके के अमेरिका से दिल्ली पहुंचने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर उनसे मुलाकात की. इस दौरान दीपके के हाथ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की आत्मकथा थी. उन्होंने प्रदर्शनकारियों से तिरंगा और कोई पुस्तक लेकर आने की अपील भी की.

प्रदर्शन की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है. पार्टी का आरोप है कि NEET, CUET, CBSE समेत कई परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है.

प्रदर्शन को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवासों के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

कैसे शुरू हुई कॉकरोच जनता पार्टी?

कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन आंदोलन के रूप में हुई थी. यह आंदोलन उस समय चर्चा में आया जब भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की एक टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हुई. इसके बाद बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा घोटालों से जुड़े मुद्दों पर युवाओं ने "कॉकरोच" शब्द को विरोध के प्रतीक के रूप में अपनाया.

अमेरिका में रहने वाले राजनीतिक संचार विशेषज्ञ अभिजीत दीपके ने इस डिजिटल आंदोलन को संगठित रूप दिया और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर एक बड़े युवा अभियान में बदल गया. सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और अभिनेता प्रकाश राज समेत कई सार्वजनिक हस्तियों ने भी इस आंदोलन के प्रति समर्थन जताया है.

हालांकि, जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले सामने आया यह खुलासा कि पार्टी के प्रवक्ता को शुक्रवार रात ही अनुमति लेने के लिए बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने संस्थापक के आने तक इंतजार करने का फैसला किया, अब पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक अपडेट माना जा रहा है.

"कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन की अनुमति को लेकर शुक्र…"