30 जुलाई 2026 को गुजरात की मांजलपुर, बिहार की बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था. इन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की वोटों की गिनती आज यानी 3 अगस्त सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है. चुनाव आयोग (ECI) दोपहर तक शुरुआती रुझान जारी कर सकता है, जबकि अंतिम नतीजे दोपहर बाद आने की संभावना है.
गुजरात के मकरपुरा के भवन स्कूल में मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव के वोटों की गिनती और लाइव अपडेट्स आना शुरू हो चुके हैं. वहीं, दतिया विधानसभा उपचुनाव के वोटों की गिनती शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में बने काउंटिंग सेंटर से हो रही है और बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के वोटों की गिनती पटना के ए.एन.कॉलेज परिसर में बने कला भवन में हो रही है.
क्यों पड़ी उपचुनाव की जरूरत?
मांजलपुर सीट पर उपचुनाव की जरूरत 2 जून 2026 को भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद पड़ी. 79 वर्षीय योगेश पटेल आठ बार विधायक रहे थे और 2012 से मांजलपुर सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे.
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की वजह भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का इस्तीफ़ा बना. अप्रैल 2026 में राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद उन्होंने बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया.
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव, कांग्रेस के तत्कालीन विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता रद्द (Disqualify) होने के कारण हुई. अप्रैल 2026 में एक बैंक धोखाधड़ी मामले में दोषी पाए जाने और कोर्ट से 3 साल की सजा मिलने के बाद नियमानुसार चुनाव आयोग ने उनकी सदस्यता खारिज कर दी थी. इसी वजह से दतिया सीट पर खाली हुए पद को भरने के लिए 30 जुलाई को वोट डाले गए.
कौन-कौन हैं उम्मीदवार?
मांजलपुर उपचुनाव के लिए कुल 7 उम्मीदवारों ने 15 नामांकन पत्र दाखिल किए थे. इस उपचुनाव के नामांकन प्रक्रिया के दौरान डमी और निर्दलीय उम्मीदवारों के फॉर्म वापस होने या तकनीकी कारणों से रद्द होने के बाद मुकाबला पूरी तरह से सीधा भाजपा के सतीश पटेल और कांग्रेस के भीखाभाई रबारी के बीच रह गया.
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर कुल 18 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था. जांच के बाद कुछ निर्दलीय फॉर्म रिजेक्ट हुए, जिसके बाद चुनावी मैदान में मुख्य राजनीतिक दलों सहित कुल 11 प्रत्याशी बचे और मुकाबला 3-वे-बैटल बन गया. जिसमें भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर और राजद (RJD) की रेखा कुमारी के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है.
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कुल 12 उम्मीदवारों ने नाम दाखिल कर पर्चा भरा था. डमी प्रत्याशियों के फॉर्म हटने और नाम वापसी के बाद चुनाव में मुख्य दलों और क्षेत्रीय पार्टियों के कुल 8 उम्मीदवार बचे. भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के कुंवर घनश्याम सिंह के बीच कड़ा मुक़ाबला है, जबकि आज़ाद समाज पार्टी के दामोदर यादव मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में जुटे हैं.
कितने लोगों ने दिए वोट?
मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर लोगों ने सबसे ज़्यादा वोट दिए हैं. यहां 71.44% मतदान दर्ज किया गया. जिसमें कुल 1,52,880 से अधिक मतदाताओं ने अपने वोट डाले.
गुजरात की मांजलपुर सीट पर काफी कम 37.50% मतदान हुआ, जहां कुल 2,19,494 योग्य वोटरों में से लगभग 82,310 मतदाताओं ने मतदान किया.
बिहार की बांकीपुर सीट पर सबसे कम 34.30% मतदान हुआ, जहां कुल 3,79,616 योग्य वोटरों में से लगभग 1,30,200 मतदाताओं ने वोट दिया.
किसके गद्दी जीतने के आसार?
गुजरात की मांजलपुर सीट पर 14वें राउंड के नतीजे सामने आए हैं. जिनमे बीजेपी प्रत्याशी सतीश पटेल लीड कर रहे हैं. वह 22509 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी भीखाभाई रबारी से आगे चल रहे हैं.
वहीं, बिहार की बांकीपुर सीट पर प्रशांत किशोर का दबदबा अभी भी कायम है. पीके को 11वें राउंड तक 21941 वोट मिले हैं जबकि बीजेपी को 15522 वोट मिले हैं और रेखा कुमारी को 4223 वोट मिले हैं.
दतिया विधानसभा सीट पर छठे राउंड की मतगणना के बाद बड़ा अपडेट देखने को मिला है. शुरुआती दौर में पिछड़ने के बाद अब कांग्रेस प्रत्याशी आगे निकल गए हैं. 6 चरण की गिनती पूरी होने के बाद कांग्रेस 1786 वोट से आगे है.
"30 जुलाई 2026 को गुजरात की मांजलपुर, बिहार की बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था. इन विधानसभा सी…"
