बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को पहले मैच में हरा कर सबको चौंका दिया था. ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में हराना अच्छी-अच्छी टीमों के लिए आसान नहीं रहा है. मगर बांग्लादेश ने यह कर दिखाया. इस जीत से WTC में भारत के चांस को भी झटका लगा. हालांकि दूसरे मैच में बाजी एकदम उलटी पड़ गई. पहले दिन कुल 18 विकेट गिरे. पिछले मैच की विजेता इस मैच के पहली पारी में 100 रन भी नहीं बना सकी.

8 बल्लेबाज नहीं छु सके दहाई का आंकड़ा
ऑस्ट्रेलिया के निमंत्रण पर बांग्लादेश बैटिंग करने उतरी. उसको अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि वही बैटिंग लाइन अप जिसने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया की खटिया खड़ी कर दी थी उसका आलम यह होगा कि वह 100 रन भी नहीं बना पाएगी. मिचेल स्टार्क की आग उगलती गेंदों  के सामने बांग्लादेशी बल्लेबाज बेबस नजर आए. बांग्लादेश के 8 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सके. बांग्लादेश की तरफ से जो सबसे बड़ा स्कोर बना वह सबसे अंतिम बल्लेबाज ने बनाया. शोरिफुल इस्लाम 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए और उन्होंने सबसे ज्यादा 14 रन बनाए. टॉप 6 में से 4 बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल पाए. बांग्लादेश पहली पारी में सिर्फ 64 रन ही बना पाए. 

पिच गेंदबाजों के लिए बहुत मददगार थी. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सभी गेंदबाजों ने पिच का बेहतरीन फायदा उठाया. स्टार्क ने पहली ही गेंद से कहर ढाना शुरू कर दिया. पूरे मैच में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का बोलबाला रहा. स्टार्क ने 10 ओवर में 12 रन देकर 6 विकेट लिए. उनके अलावा कप्तान पैट कमिंस ने 3 और जोश हेजलवुड ने 1 विकेट लिया.

ऑस्ट्रेलिया को भी हुई मुश्किल
ऑस्ट्रेलिया के लिए बैटिंग आसान नहीं थी. जिस तरह से पिच हरकत कर रही थी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. उनकी हालत भी कुछ-कुछ बांग्लादेश जैसी ही हो जाती. वह तो अनुभव था स्मिथ का जिन्होंने कैमरन ग्रीन के साथ मिलकर 77 रनों की साझेदारी किया. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे ज्यादा रन कैमरन ग्रीन ने बनाए. उन्होंने 67 रन बनाए. उनके साथी स्मिथ ने 42 रन की पारी खेली. अंत में नाथन लॉयन ने 32 रन की उपयोगी पारी खेल टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया. ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 210 रन बनाए.

पारी से मिली हार
बांग्लादेश पहली पारी के आधार पर 146 रन से पिछड़ रहा था. बांग्लादेश जब दूसरी पारी में उतरा तो उसपर एक दबाव था कि वह पहली पारी की लीड को पाटे. पर बांग्लादेश दूसरी पारी में भी कुछ खास नहीं कर सका. दूसरी पारी में भी बांग्लादेश 100 रन का आंकड़ा नहीं पार कर सका. पूरी टीम सिर्फ 95 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी. कप्तान शांटो ने 31 रन बनाए और मुश्फिकुर रहीम 29 रन बनाकर नॉट आउट रहे. इस पारी में 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छु पाए. 

बांग्लादेश इस मैच को पारी और 51 रन से हार गया. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क ने 4 विकेट लिए. उनके अलावा पैट कमिंस और नाथन लॉयन ने 3-3 विकेट निकाला. मिचेल स्टार्क को उनके मैच में 10 विकेट के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया.

 

"बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को पहले मैच में हरा कर सबको चौंका दिया था. ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में हराना अच्छी-अच्छी टीमों के लिए आसान नहीं र…"