एशियन गेम्स 2026 में भारत ने पहला गोल्ड मेडल जीत लिया है. यह गोल्ड मेडल आया है क्रिकेट के फील्ड से, जहां भारत की महिला टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर एशियन गेम्स का गोल्ड अपने नाम किया. टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ने श्रीलंका को 217 रनों का टार्गेट दिया. श्रीलंका की पूरी टीम 69 रन ही बना पाई और मैच 147 रनों से हार गई. भारत ने इस साल के एशियन गेम्स में अबतक 5 सिल्वर मेडल और एक ब्रॉन्ज मेडल जीता था. इस मेडल ने भारत के एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल का खाता खोल दिया.
स्मृति, शेफाली और ऋचा का तूफान
टॉस जीत कर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने तूफानी शुरुआत किया. ओपनर शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 10 ओवर में 99 रन कूट दिए. शेफाली 29 गेंदों में 48 रन बनाकर आउट हुईं. उनके आउट होने के बाद भी भारत की पारी का रन रेट कम नहीं हुआ. एक तरफ से स्मृति मंधाना आक्रामक बल्लेबाजी कर रही थीं. हालांकि शेफाली के आउट होने के बाद बैटिंग करने आईं कप्तान हरमनप्रीत कौर कुछ खास नहीं कर पाईं और 17 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हो गईं.
उनके आउट होने के बाद बैटिंग करने आईं ऋचा घोष ने स्मृति का बखूबी साथ दिया. दोनों ने मिलकर श्रीलंकाई गेंदबाजों की खूब खबर ली. दोनों के बीच मात्र 19 गेंदों में 53 रनों की बेहतरीन साझेदारी हुई. स्मृति मंधाना 45 गेंदों में 79 रन बनाकर आउट हुईं. वहीं ऋचा ने 22 गेंदों में ताबड़तोड़ 49 रन बनाए. इस तरह इन तीनों की शानदार बैटिंग के दम पर भारत ने 20 ओवर में 216 रन बनाए.
श्रीलंका के 8 बल्लेबाज नहीं पार कर पाए दहाई का आंकड़ा
इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम के आठ बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाए. भारतीय गेंदबाजों ने कभी भी श्रीलंका के बल्लेबाजों को पिच पर ज्यादा देर तक टिकने नहीं दिया. श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान चमारी अटापट्टू ने बनाए. उन्होंने 21 गेंदों में 29 रन बनाए.
भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट दीप्ति शर्मा ने लिए. दीप्ति ने श्रीलंका के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. उनके अलावा शेफाली वर्मा, श्रेयांका पाटिल और श्री चरणी ने 2-2 विकेट लिए. भारत ने इसी के साथ एशियन गेम्स में भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाया. 13 सितंबर को भारत ने श्रीलंका को ही हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया था.
"एशियन गेम्स 2026 में भारत ने पहला गोल्ड मेडल जीत लिया है. यह गोल्ड मेडल आया है क्रिकेट के फील्ड से, जहां भारत की महिला टीम ने फाइनल में श्री…"
