अल्फ़ा का ट्रेलर यूट्यूब पर आए सिर्फ दो से तीन दिन ही बीते हैं, लेकिन इंटरनेट पर उसे जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है. आलिया भट्ट के साथ शरवरी, अनिल कपूर और बॉबी देओल इस ट्रेलर में देखने को मिले हैं. यह ट्रेलर 1 मिनट 55 सेकेंड का है, जिसने 10 जून को अपलोड होने के बाद ही 20 मिलियन से अधिक व्यूज़ बटोर लिए थे. आपको बता दें, फ़िल्म का ट्रेलर रिलीज़ होने के बाद यूट्यूब पर नंबर एक पर भी ट्रेंड करने लगा.
लेकिन ऐसा क्या था इस ट्रेलर में जो लोगों ने इसकी जमकर ट्रोलिंग शुरू कर दी? दरअसल, यूट्यूब पर ट्रेलर का लाखों व्यूज़ हासिल करना सिर्फ आधी सच्चाई है, क्योंकि लोगों की प्रतिक्रियाएँ कुछ और ही कहानी बयां कर रही हैं.
वाईआरएफ जासूसी संसार की यह फ़िल्म एक युवा महिला की कहानी है, जो एक खतरनाक असैसिन बन जाती है. यह फ़िल्म भरपूर एक्शन और रोमांच से भरी हुई है. लेकिन वाईआरएफ का यह फ़िल्म ट्रेलर दर्शकों को ज़्यादा पसंद नहीं आया और कथित तौर पर लोगों ने इसे निम्न श्रेणी में डाल दिया है. लोगों का कहना है कि फ़िल्म के दृश्य रोमांचक होने की बजाय बेहद उलझन भरे हैं.
इतना ही नहीं, ट्रेलर रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर इसकी तुलना 1990 की फ्रेंच फ़िल्म ‘ला फेम निकिता’ से भी की जाने लगी. कई उपयोगकर्ताओं ने दोनों फ़िल्मों के कुछ दृश्यों को साथ जोड़कर साझा किया और दावा किया कि अल्फ़ा की कहानी और कुछ दृश्य फ्रेंच क्लासिक फ़िल्म से काफी मिलते-जुलते हैं.
ट्रेलर में आलिया भट्ट को उनके 18वें जन्मदिन पर बॉबी देओल के साथ भोजन करते हुए दिखाया गया है. इसी दौरान बॉबी देओल उन्हें एक संदेश देते हैं, जिसमें बताया जाता है कि अब उनकी असैसिन ट्रेनिंग को असली मिशन में बदलने का समय आ गया है. इसके बाद ट्रेलर में कई एक्शन दृश्य देखने को मिलते हैं, जिनमें आलिया एक प्रशिक्षित और घातक एजेंट के रूप में नज़र आती हैं.
दर्शकों का कहना है कि दोनों फ़िल्मों की कहानी में समानताएँ दिखाई देती हैं, जहां एक युवा महिला को भर्ती कर उसे प्रशिक्षित किया जाता है और फिर एक घातक असैसिन में बदल दिया जाता है.
यही वजह है कि सोशल मीडिया पर कई उपयोगकर्ता फ़िल्म को लेकर सवाल उठा रहे हैं और इसे नकल बताने का दावा कर रहे हैं. हालांकि, फ़िल्म की कहानी वास्तव में कितनी अलग या मिलती-जुलती है, इसका जवाब फ़िल्म रिलीज़ होने के बाद ही मिल सकेगा.
"अल्फ़ा का ट्रेलर यूट्यूब पर आए सिर्फ दो से तीन दिन ही बीते हैं, लेकिन इंटरनेट पर उसे जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है. आलिया भट्ट के स…"
