3 जुलाई को रिलीज़ होने वाली आलिया भट्ट और शरवरी की फ़िल्म ‘अल्फा’ पर अब कोई ख़तरा नहीं है क्योंकि सेंसर बोर्ड ने फिल्म को पास कर U/A सर्टिफिकेट दे दिया है. हालांकि फ़िल्म के कुछ गाली और हिंसक सीन्स को हटाने के निर्देश भी बोर्ड ने जारी किए हैं. सबसे अच्छी बात ये है कि यह सीन्स काफ़ी कम हैं, जिसकी वजह से मेकर्स को ज़्यादा कट्स का सामना नहीं करना पड़ेगा. 

अब बात करें, फिल्म की कुल लंबाई की तो यह फिल्म अब 2 घंटे 20 मिनट 48 सेकंड की हो गई है. जिसमें पहला हाफ 1 घंटा 13 मिनट 32 सेकंड और दूसरा हाफ 1 घंटा 7 मिनट 16 सेकंड का बताया जा रहा है.

बोर्ड ने किए बदलाव 

सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुछ अहम बदलाव किए हैं. जिसमे बोर्ड ने सबसे पहले फिल्म की शुरुआत में दिखाए जाने वाले डिस्क्लेमर को नए शब्दों में पेश करने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही सभी गानों में  सबटाइटल्स को जोड़ने को कहा है. वहीं, यशराज फिल्म्स (YRF) से फिल्म के ओपनिंग कार्ड्स और एंड क्रेडिट्स भी हिंदी में दिखाए जाने की बात कही है.

फिल्म के पहले हाफ में कुछ सीन्स में बदलाव के निर्देश दिए हैं. बोर्ड ने दो सीक्वेंस में मौजूद कुछ विजुअल्स को हटाकर उनकी जगह दूसरे शॉट्स इस्तेमाल करने को कहा है. हालांकि, यह नहीं बताया गया कि ये बदलाव किन-किन दृश्यों में किए गए हैं.

हिंसक दृश्यों का स्क्रीनप्ले हुआ कम 

वहीं, दूसरे हाफ में चाकू से बार-बार हमला दिखाने वाले हिंसक दृश्यों को थोड़ा कम करने की माँग की है. इसके अलावा, पहले हाफ में इस्तेमाल किए गए एक आपत्तिजनक शब्द (गाली) को भी हटाने के लिए कहा गया है.

सेंसर बोर्ड ने उन सभी सीन्स पर एंटी-अल्कोहल स्टैटिक वार्निंग लगाने को कहा है, जहां-जहां पर  शराब पीने वाले सीन्स कैप्चर हुए हैं. साथ ही फिल्म के एक बाल कलाकार के माता-पिता की सहमति लेटर जमा कराने के निर्देश भी दिए हैं. 

अब सभी फैन्स फ़िल्म रिलीज़ होने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं .

"3 जुलाई को रिलीज़ होने वाली आलिया भट्ट और शरवरी की फ़िल्म ‘अल्फा’ पर अब कोई ख़तरा नहीं है क्योंकि सेंसर बोर्ड ने फिल्म को पास कर U/A सर्टिफि…"