भारत और वेस्ट इंडीज के बीच चल रही T20I सीरीज के विजेता का पता अब आखिरी मैच के रिजल्ट के बाद ही चल पाएगा. पहले तीन मैच में भारत ने दो मुकाबले अपने नाम किए थे. चौथा मैच राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया. अगर इस मैच को भारत जीत जाता तो सीरीज उसके नाम हो सकती थी. लेकिन चौथे मैच को जीतकर वेस्ट इंडीज ने सीरीज को 2-2 की बराबरी पर लाकर खड़ा कर दिया है. अब इस सीरीज का विजेता हमें आखिरी मुकाबले के बाद ही मिलेगा. आइए जानते हैं चौथे मैच का पूरा हाल.

वेस्ट इंडीज की तोप हैं ‘होप’
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्ट इंडीज की शुरुआत बहुत अच्छी रही. उसने पहले विकेट के लिए 4.2 ओवर में 52 रन जोड़ दिए. मेहमानों का पहला विकेट एंड्रयू के रुप में गिरा. वह 16 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए. उसके बाद आए शिमरन हेटमायर ने कप्तान का बखूबी साथ दिया. होप और हेटमायर ने 24 गेंदों में 58 रन की साझेदारी किया. दोनों ने मिलकर 8वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया. हेटमायर ने 12 गेंदों में 33 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली.

हेटमायर के आउट होने के बाद बैटिंग करने आए रोवमन पॉवेल ने भी होप के साथ छोटी मगर पारी के रिदम को संभालने लायक साझेदारी किया. होप ने पॉवेल के साथ मिलकर 46 रन की साझेदारी किया. पॉवेल को अर्शदीप ने संजू के हाथों कैच करवाया. 12.5 ओवर में वेस्ट इंडीज का स्कोर 156 पर 3 विकेट था. उसके बाद आए शरफेन रदरफोर्ड ने ओपनिंग से ही टिके कप्तान होप के साथ मिलकर ताबड़तोड़ साझेदारी किया. दोनों के बीच 43 गेंदों में 91 रन की बेहतरीन साझेदारी हुई. रदरफोर्ड ने 26 गेंदों में 49 रनों की नाबाद पारी खेली.

वेस्ट इंडीज ने 20 ओवर में 247 रनों का स्कोर बनाया और भारत को जीत के लिए 248 रन का लक्ष्य दिया. भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया. वेस्ट इंडीज के कप्तान शे होप भारत के दौरे पर कमाल की फॉर्म में चल रहे हैं. पिछले 6 पारियों में उन्होंने 4 शतक लगाए हैं.

अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाई भारत
248 रन का चेज करने उतरी भारत की शुरुआत ताबड़तोड़ अंदाज में हुई. भारत के लिए ओपनिंग करने आए संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने भारत को तूफानी शुरुआत दी. भारत ने 4 ओवर में ही 60 रन बना लिए थे. हालांकि 5वें ओवर की पहली ही गेंद पर संजू कीमो पॉल की गेंद पर हेटमायर को कैच थमा बैठे. आउट होने से पहले संजू ने 23 गेंदों में ताबड़तोड़ 56 रन बनाए. उनकी पारी में 6 चौके और 4 छक्के शामिल थे. हालांकि अभिषेक शर्मा कुछ संघर्ष करते नजर आए. उन्होंने 24 गेंदों में 29 रन की पारी खेली. 

उनके बाद आए ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर कुछ खास नहीं कर पाए और जल्दी ही अपना विकेट गंवा बैठे. ईशान किशन 6 और अय्यर 16 रन बनाकर आउट हुए. भारत की उम्मीदों को एक बार फिर जिंदा किया नीतिश कुमार रेड्डी और तिलक वर्मा की साझेदारी ने. दोनों ने 6वें विकेट के लिए सिर्फ 32 गेंदों में 70 रन की साझेदारी कर डाली. वह दोनों जब क्रीज पर थे तो ऐसा लग रहा था कि भारत यह चेज आसानी से कर लेगा. भारत 17वें ओवर में 200 रन बना चुका था और ऐसा लग रहा था कि मैच भारत की तरफ झुक रहा है तभी विकेट गुच्छों में गिरते हैं और भारत की पारी 19.3 ओवर में 223 रन पर थम जाती है. 

अर्शदीप सिंह रिटायर हर्ट हुए और भारत की पारी 9 विकेट पर ही खत्म हो गई. तिलक वर्मा ने 25 गेंदों में 43 रन बनाए वहीं नीतिश ने 20 गेंदों में 41 रन की पारी खेली. हालांकि दोनों ही भारत को मैच जीता पाने में नाकाम रहे. वेस्ट इंडीज की तरफ से कीमो पॉल ने 5 विकेट लिए. इनके अलावा गुडाकेश मॉटी ने 2 विकेट और शमार स्प्रिंगर और रोमारियो शेफर्ड ने एक-एक विकेट लिया. शे होप को उनके 50 गेंदों में 102 रन की पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला.

अब आगे क्या?
भारतीय टीम को अब अगर इस सीरीज को जीतना है तो उसे आखिरी मैच जीतना ही होगा. इस सीरीज का आखिरी मैच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. बेंगलुरु की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी शानदार है और वहां खूब रन बनते हैं. इसका मतलब साफ है कि इस मैच को वही टीम जीत सकती है जो बेहतर गेंदबाजी करे. टॉस जीतने वाली टीम की कोशिस होगी कि वह चेज करे. रात में ड्यू फैक्टर बैटिंग टीम को काफी मदद करता है. फिलहाल 4 मैचों के बाद सीरीज 2-2 की बराबरी पर खड़ी है. 

"भारत और वेस्ट इंडीज के बीच चल रही T20I सीरीज के विजेता का पता अब आखिरी मैच के रिजल्ट के बाद ही चल पाएगा. पहले तीन मैच में भारत ने दो मुकाबले…"