नवरात्र में व्रत रखने के दौरान कुछ लोग पूरे दिन सिर्फ फल खाकर रहते हैं, तो कुछ लोग पानी पीने से भी परहेज करते हैं. लेकिन ऐसा करना आपकी हेल्थ पर भारी पड़ सकता है. लंबे समय तक भूखे रहने और पर्याप्त पानी न पीने से कमजोरी, थकान, चक्कर और डिहाइड्रेशन जैसी परेशानियां हो सकती हैं. खासकर डायबिटीज के मरीजों के लिए व्रत के दौरान सावधानी बरतना बेहद जरूरी है.
ऐसे में सवाल है कि नवरात्र में व्रत रखते समय किन गलतियों से बचना चाहिए? क्या खाने से दिनभर एनर्जी बनी रह सकती है और शरीर में पानी की कमी से कैसे बचा जा सकता है? आइए जानते हैं.
व्रत में बहुत कम खाना पड़ सकता है भारी
व्रत के दौरान अगर आप जरूरत से बहुत कम खाते हैं या सिर्फ फलों के सहारे पूरा दिन निकालते हैं, तो शरीर को पर्याप्त एनर्जी नहीं मिल पाती. इससे थकान, सुस्ती और चक्कर आने जैसी परेशानियां हो सकती हैं.
डॉक्टर प्रशांत के मुताबिक, लंबे समय तक बहुत कम खाने से शरीर की एनर्जी पर असर पड़ सकता है. इसके अलावा, पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन से सिरदर्द, थकान और चक्कर आने की समस्या भी हो सकती है.
शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का बैलेंस बिगड़ने पर भी परेशानी बढ़ सकती है. इलेक्ट्रोलाइट्स सोडियम और पोटैशियम जैसे मिनरल्स होते हैं, जो शरीर में पानी का बैलेंस बनाए रखने और मांसपेशियों को सही तरीके से काम करने में मदद करते हैं. इनका संतुलन बिगड़ने पर कमजोरी और मांसपेशियों में ऐंठन जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
डायबिटीज के मरीज व्रत रखते समय बरतें सावधानी
डायबिटीज के मरीजों को व्रत रखने से पहले अपनी हेल्थ का खास ध्यान रखना चाहिए. खासकर वे लोग जो इंसुलिन या ब्लड शुगर कम करने वाली दवाएं लेते हैं, उनके लिए लंबे समय तक भूखे रहने से ब्लड शुगर बहुत कम होने का खतरा बढ़ सकता है.
इसलिए डायबिटीज के मरीज डॉक्टर की सलाह के बिना व्रत न रखें. व्रत के दौरान ब्लड शुगर की निगरानी करें और दवाओं या इंसुलिन की मात्रा में खुद से कोई बदलाव न करें.
व्रत में इन चीजों को डाइट में करें शामिल
व्रत के दौरान एनर्जी बनाए रखने के लिए सिर्फ फल खाने के बजाय अलग-अलग तरह की चीजें अपनी डाइट में शामिल करना बेहतर है. डाइटिशियन आस्था के मुताबिक, कुछ फूड्स व्रत के दौरान शरीर को जरूरी पोषक तत्व देने में मदद कर सकते हैं.
सिंघाड़े का आटा: व्रत में सिंघाड़े के आटे से चीला या हलवा बनाया जा सकता है. इसमें कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो शरीर को एनर्जी देते हैं. इसमें पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स भी पाए जाते हैं.
राजगिरा: राजगिरा भी व्रत के लिए एक अच्छा विकल्प है. इससे चीला, लड्डू या दूसरी व्रत वाली डिश बनाई जा सकती हैं. इसमें प्रोटीन और आयरन समेत कई पोषक तत्व पाए जाते हैं.
शकरकंद: व्रत के दौरान उबला हुआ या हल्का भुना शकरकंद खा सकते हैं. इसमें फाइबर, कार्बोहाइड्रेट और विटामिन A होता है. फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद करता है.
मखाना: हल्की भूख लगने पर मखाना एक अच्छा स्नैक हो सकता है. इसे थोड़े से घी में भूनकर और सेंधा नमक डालकर खा सकते हैं. मखाने में कुछ मात्रा में प्रोटीन और कैल्शियम भी होता है.
फल और दही: केला, अनार जैसे फल व्रत की डाइट में शामिल कर सकते हैं. इनके साथ दही लेना भी एक अच्छा विकल्प है. दही से प्रोटीन और कैल्शियम मिलता है, जबकि केले में कार्बोहाइड्रेट और पोटैशियम पाया जाता है.
व्रत में पानी पीना न भूलें
व्रत के दौरान सिर्फ खाने पर ध्यान देना काफी नहीं है, शरीर में पानी की कमी न हो, इसका भी ध्यान रखना जरूरी है. पर्याप्त पानी पीने से शरीर में पानी का संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है.
अगर आप व्रत के दौरान पानी पीते हैं, तो दिनभर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी लेते रहें. नारियल पानी भी एक विकल्प है, जिसमें पोटैशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं.
हालांकि, अगर आप निर्जला व्रत रख रहे हैं, तो अपनी हेल्थ और मौसम को ध्यान में रखें. डायबिटीज, किडनी या दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को डॉक्टर से सलाह लेकर ही व्रत रखना चाहिए.
नवरात्र में व्रत रखते समय इन बातों का रखें ध्यान
- पूरे दिन सिर्फ फल खाकर रहने के बजाय डाइट में अलग-अलग चीजें शामिल करें.
- बहुत लंबे समय तक भूखे रहने से बचें.
- व्रत के दौरान पर्याप्त पानी पिएं, अगर आपके व्रत में इसकी अनुमति है.
- कमजोरी, चक्कर या घबराहट महसूस होने पर इसे नजरअंदाज न करें.
- डायबिटीज के मरीज डॉक्टर की सलाह के बिना व्रत न रखें.
व्रत में भक्ति के साथ हेल्थ का ध्यान रखना भी जरूरी है. इसलिए इस नवरात्र ऐसा खानपान अपनाएं, जिससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलें और दिनभर की एक्टिविटी के लिए पर्याप्त एनर्जी बनी रहे.
"नवरात्र में व्रत रखने के दौरान कुछ लोग पूरे दिन सिर्फ फल खाकर रहते हैं, तो कुछ लोग पानी पीने से भी परहेज करते हैं. लेकिन ऐसा करना आपकी हेल्थ…"













