आज मोटापा दुनिया के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या बन चुका है. विश्व स्वास्थ्य संगठन की 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में औसतन हर आठ में से एक व्यक्ति मोटापे से जूझ रहा है.

रिपोर्ट के अनुसार, 1990 से 2022 के बीच वयस्कों में मोटापे की संख्या दोगुनी हो गई. वहीं, किशोरों में यह आंकड़ा करीब चार गुना बढ़ा है.

मोटापा बढ़ने के पीछे सिर्फ ज्यादा खाना ही जिम्मेदार नहीं है. खान-पान, शारीरिक गतिविधि, जीवनशैली, मानसिक स्थिति और आनुवंशिक कारण भी इसमें भूमिका निभाते हैं.

वजन कम करने के लिए लोग अलग-अलग तरह की डाइट अपनाते हैं. इन्हीं में से एक है फ्रूटेरियन डाइट. इसमें व्यक्ति ज्यादातर फल, सूखे मेवे और बीजों पर निर्भर रहता है.

लेकिन क्या सिर्फ फल खाने से वजन कम करना सही तरीका है?

सिर्फ फल खाने से वजन कम हो सकता है, लेकिन...

विशेषज्ञों के मुताबिक, सिर्फ फल खाने से कैलोरी का सेवन कम हो सकता है. इसी वजह से कुछ लोगों का वजन कम भी हो सकता है.

लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि यह शरीर के लिए हेल्दी तरीका है.

फलों में कई जरूरी विटामिन, मिनरल और फाइबर होते हैं. लेकिन शरीर को सिर्फ इनसे ही सभी पोषक तत्व नहीं मिलते.

अगर कोई व्यक्ति लंबे समय तक केवल फल खाता है, तो उसके शरीर में प्रोटीन, जरूरी फैट, कैल्शियम, आयरन और विटामिन बी12 जैसे पोषक तत्वों की कमी हो सकती है.

इसका असर मांसपेशियों पर भी पड़ सकता है. शरीर की ताकत और रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो सकती है. कुछ मामलों में एनीमिया का खतरा भी बढ़ सकता है.

शरीर को प्रोटीन और फैट भी चाहिए

वजन कम करने के चक्कर में अक्सर लोग कार्बोहाइड्रेट और फैट को पूरी तरह छोड़ने की कोशिश करते हैं.

लेकिन शरीर को हर पोषक तत्व की जरूरत होती है.

प्रोटीन मांसपेशियों को मजबूत रखने में मदद करता है. वहीं, शरीर के कई जरूरी कामों के लिए हेल्दी फैट भी जरूरी है.

सिर्फ फलों पर निर्भर रहने से इन पोषक तत्वों की पर्याप्त मात्रा मिलना मुश्किल हो सकता है.

ज्यादा फल खाना भी हर किसी के लिए सही नहीं

फलों में प्राकृतिक शुगर यानी फ्रक्टोज होता है. इसलिए जरूरत से ज्यादा फल खाने से शरीर में शुगर की मात्रा बढ़ सकती है.

कुछ मामलों में ज्यादा कैलोरी और शुगर का सेवन ट्राइग्लिसराइड्स और शरीर में फैट बढ़ने से भी जुड़ सकता है.

इसलिए यह सोचना सही नहीं है कि फल हेल्दी हैं तो उन्हें जितना चाहें उतना खाया जा सकता है.

क्या चिकन और मटन से मोटापा बढ़ता है?

चिकन और मटन को लेकर भी लोगों के मन में कई तरह की गलतफहमियां हैं.

विशेषज्ञों के मुताबिक, सही मात्रा में खाया गया प्रोटीन वाला भोजन अपने आप मोटापा नहीं बढ़ाता.

चिकन और मटन में अच्छी मात्रा में प्रोटीन होता है. संतुलित डाइट का हिस्सा बनाकर इनका सेवन किया जाए तो ये वजन कम करने के दौरान भी लिए जा सकते हैं.

हालांकि, इन्हें किस तरह पकाया जा रहा है और कितनी मात्रा में खाया जा रहा है, यह भी काफी मायने रखता है.

बहुत ज्यादा तेल, मक्खन या कैलोरी वाली चीजों के साथ खाने से कुल कैलोरी बढ़ सकती है.

वजन घटाने का सही तरीका क्या है?

वजन कम करने के लिए किसी एक चीज पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय संतुलित डाइट लेना ज्यादा जरूरी है.

डाइट में फल और सब्जियों के साथ पर्याप्त प्रोटीन, साबुत अनाज, दालें, नट्स और जरूरी फैट को भी शामिल करना चाहिए.

इसके साथ रोजाना शारीरिक गतिविधि और पर्याप्त नींद भी जरूरी है.

यानी वजन कम करने के लिए खाना पूरी तरह छोड़ना या सिर्फ फल खाना जरूरी नहीं है. सही मात्रा में अलग-अलग पोषक तत्वों वाला खाना लेना और अपनी जीवनशैली में बदलाव करना ज्यादा बेहतर तरीका है.

"आज मोटापा दुनिया के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या बन चुका है. विश्व स्वास्थ्य संगठन की 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में औसतन हर आठ में …"