भारतीय जनता पार्टी ने 18 सितंबर को पंजाब में अपनी बहुप्रतीक्षित 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' की शुरुआत कर दी है. पठानकोट जिले के सुजानपुर स्थित माधोपुर के एकता स्थल से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. दावा किया जा रहा है कि इस मौके पर दस हजार से अधिक लोग एकता स्थल पर जुटे थे. 

यात्रा के बारे में
भाजपा की यह यात्रा 18 से 30 सितंबर तक कुल 13 दिनों तक चलेगी. इस दौरान राज्य के चार अलग-अलग हिस्सों से चार यात्राएं निकाली जाएंगी, जो मिलकर पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचेंगी. पार्टी के मुताबिक, इस महा-अभियान में करीब 4,000 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा, और पहली यात्रा के संचालन के लिए 15 विशेष रथ तैयार किए गए हैं. 

पहली यात्रा आज पठानकोट से शुरू होकर सुजानपुर, भोआ, दीनानगर, गुरदासपुर, बटाला, अजनाला, अमृतसर के विभिन्न इलाकों, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का और कपूरथला होते हुए जालंधर में समाप्त होगी. दूसरी यात्रा 19 सितंबर को गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में नतमस्तक होकर शुरू होगी, जिसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल होंगी.  तीसरी यात्रा 20 सितंबर को फाजिल्का से शुरू होगी, जिसे केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल हरी झंडी दिखाएंगे. चौथी यात्रा 21 सितंबर को तलवंडी साबो (बठिंडा) से रवाना होगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की भागीदारी प्रस्तावित है. सभी चारों यात्राओं का समापन 30 सितंबर को जालंधर में होगा, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहने की उम्मीद है. 

पार्टी का नारा है ‘भाजपा दा नारा, नशा मुकाना सारा ’ पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के अनुसार, यह यात्रा सिर्फ नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान नहीं, बल्कि प्रदेश के सामने खड़ी तीन बड़ी चुनौतियों, बढ़ता नशा, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और तहसील से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक फैला भ्रष्टाचार, पर केंद्रित जन आंदोलन है. 

2027 पंजाब चुनाव से जुड़ाव
यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां सक्रिय होने लगी हैं. भाजपा इस यात्रा के जरिए राज्य में अपने संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने की कोशिश में है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नशे और कानून-व्यवस्था के मुद्दे को पार्टी आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ मुख्य चुनावी हथियार के तौर पर इस्तेमाल करना चाहती है. 

इस यात्रा को और भी अहम बनाता है पार्टी में हुआ हालिया घटनाक्रम, अप्रैल 2026 में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल भाजपा में शामिल हो गए थे. पंजाब की सियासत पर पकड़ रखने वाले टिप्पणीकारों के अनुसार, चड्ढा को शहरी मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए भाजपा के नए चेहरे के तौर पर देखा जा रहा है, जबकि रवनीत बिट्टू पहले से ही सिख और ग्रामीण मतदाताओं के बीच पार्टी का चेहरा बने हुए हैं. ऐसे में यह यात्रा भाजपा के लिए 2027 से पहले पंजाब में अपनी जमीन तैयार करने की एक बड़ी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है. 

उद्घाटन समारोह में शामिल नेता
पठानकोट में आज हुए शुभारंभ कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. यात्रा को हरी झंडी खुद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिखाई, जबकि मंच पर पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया भी मौजूद रहे. इनके अलावा पूर्व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक अश्विनी शर्मा और पूर्व पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी कार्यक्रम में शिरकत की. 

समारोह में पूर्व आईपीएस अधिकारी और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा की भी उपस्थिति रही. इस मौके पर राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और संदीप पाठक भी नजर आए. दोनों नेता अप्रैल 2026 में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे, और उनकी मौजूदगी को पार्टी के लिए पंजाब में शहरी मतदाताओं तक पहुंच बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. 

यात्रा के शुभारंभ के इतर नितिन नबीन ने पठानकोट में नशे से पीड़ित परिवारों से भी मुलाकात की और उनका दर्द सुना. ANI से बातचीत में नबीन ने कहा कि पंजाब के युवा, जो मेहनती किसान परिवारों की संतानें हैं और एक समृद्ध संस्कृति व फलते-फूलते औद्योगिक क्षेत्र के उत्तराधिकारी हैं, उन्हें नशे की लत के चंगुल में धकेल दिया गया है. उन्होंने कहा कि यह पीढ़ी पंजाब के लिए सम्मान का प्रतीक बन सकती थी, लेकिन इसके बजाय उन्हें गुमराह किया गया. पार्टी ने ऐलान किया कि यह यात्रा नशे से प्रभावित परिवारों के साथ मिलकर चलाई जाएगी.

पंजाब में नशे के संकट को उजागर करने वाले मामलों में कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी की मनजीत कौर का मामला भी चर्चा में रहा है. अप्रैल 2026 में सामने आई इस घटना में मनजीत कौर के पांच बेटों में से चार की मौत वर्षों के दौरान नशे की लत के चलते हो चुकी थी, जबकि पांचवां बेटा सोनू गंभीर हालत में बिस्तर पर था. परिवार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से गुहार लगाई थी कि उनके आखिरी बेटे को बचाया जाए, लेकिन बाद की रिपोर्टों के अनुसार सोनू की भी मौत हो गई.
इलाके की कई अन्य महिलाओं ने भी नशे के कारण अपने बेटों को खोने की बात कही थी. पठानकोट में आज हुए यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में मंच से मनजीत कौर का यह मामला विशेष रूप से उठाया गया, जिसे भाजपा ने पंजाब में नशे के संकट की गंभीरता और सरकार की नाकामी दिखाने वाले उदाहरण के तौर पर पेश किया.

रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हमले का आरोप
यात्रा के शुभारंभ से ठीक पहले एक विवाद भी सामने आया. भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का कहना है कि जब वे 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पठानकोट जा रहे थे, तभी बटाला में उनके काफिले पर हमला किया गया. 
बिट्टू के कार्यालय के अनुसार, उनकी सुरक्षा टीम ने मौके से तीन ऐसे लोगों को पकड़ा है जो कथित तौर पर आम आदमी पार्टी से जुड़े बताए जा रहे हैं. बिट्टू ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने काफिले की दो एस्कॉर्ट गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और जैमर लगी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया. बिट्टू के कार्यालय ने कहा है कि अगर उन्हें कुछ होता है, तो इसके लिए पंजाब के मुख्यमंत्री और राज्य के डीजीपी जिम्मेदार होंगे. 
उनके कार्यालय के मुताबिक, ऐसी घटनाएं लोकतंत्र और राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं, और पंजाब सरकार को इस घटना की तत्काल जांच कर हर राजनीतिक कार्यकर्ता व नेता की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए. 

हालांकि आम आदमी पार्टी ने बिट्टू के इन आरोपों का खंडन किया है. मामले में पुलिस जांच अभी जारी है और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. 

विपक्ष की प्रतिक्रिया
यात्रा शुरू होने से पहले आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधा. आप के पंजाब मीडिया प्रभारी और नशा मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता ने इस यात्रा को 'राजनीतिक स्टंट' करार दिया और सवाल उठाया कि जब भाजपा खुद केंद्र और पहले पंजाब में सत्ता में रह चुकी है, तब उसने यह अभियान पहले क्यों नहीं चलाया. 

 

-ममता सिंह 

"भारतीय जनता पार्टी ने 18 सितंबर को पंजाब में अपनी बहुप्रतीक्षित 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' की शुरुआत कर दी है. पठानकोट जिले के सुजानपुर स्थित …"