हिंदी साहित्य की दुनिया में पाठकों का दायरा बहुत विस्तृत है. मुख्य रूप से पाठक दो श्रेणियों में आते हैं पहले वे जो महज़ पढ़ने के आनंद और किताबों के प्रेम के लिए पढ़ते हैं, और दूसरे वे जो अपनी लेखनी को निखारने के लिए पढ़ते हैं. पढ़ना भले ही इस दुनिया के सबसे खूबसूरत अनुभवों में से एक है, लेकिन अगर आप शब्दों की जादूगरी सीखना चाहते हैं या अपनी कहानियों में बेहतरीन किस्सागोई का पुट लाना चाहते हैं, तो आपको सही लेखकों का चुनाव करना होगा.
चाहे आप सिर्फ पढ़ने के शौकीन हों या अपनी कलम की धार तेज़ करना चाहते हों, हिंदी साहित्य के इन तीन दिग्गजों की रचनाएँ आपको एक बार जरूर पढ़नी चाहिए:
अमृता प्रीतम
31 अगस्त 1919 को जन्मी अमृता प्रीतम को पंजाबी भाषा की पहली कवयित्री होने का गौरव प्राप्त है, लेकिन उनकी लेखनी हिंदी साहित्य के पाठकों के बीच भी उतनी ही लोकप्रिय है. यदि आप अपनी लेखनी में लयबद्धता लाना चाहते हैं, जहां एक पंक्ति दूसरी पंक्ति से सहजता से जुड़ती हो, तो अमृता प्रीतम का साहित्य आपके लिए एक मास्टरक्लास है. अपनी रचनाओं में मेटाफर का शानदार और सटीक इस्तेमाल करने के लिए वे जानी जाती हैं. अगर आप अमृता प्रीतम के सर्वश्रेष्ठ काम से शुरुआत करना चाहते हैं, तो उनकी कालजयी पुस्तक 'पिंजर' और आत्मकथा 'रसीदी टिकट' आपको अवश्य पढ़नी चाहिए.
राही मासूम रज़ा
अगर आप साहित्य और सिनेमा में थोड़ी भी दिलचस्पी रखते हैं, तो राही मासूम रज़ा के नाम से जरूर वाकिफ होंगे. बी.आर. चोपड़ा की 'महाभारत' का प्रतिष्ठित संवाद "मैं समय हूँ" और इसके कई अन्य डायलॉग राही साहब की ही देन हैं. अगर आपको गांव-देहात की महक और हिंदू-मुस्लिम एकता के ताने-बाने को करीब से महसूस करना है, तो उनकी रचनाएं बेजोड़ हैं.
लेखकों के लिए राही किसी सरप्राइज पैकेज से कम नहीं हैं. किरदारों को बांधकर अंत तक सस्पेंस बनाए रखना और अचानक पाठक को ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर देना जिसकी उसने उम्मीद ही न की हो, राही साहब की खासियत है. पाठकों को सरप्राइज करने की यह कला सीखने के लिए उनका बहुचर्चित उपन्यास 'आधा गांव' और 'टोपी शुक्ला' आपको जरूर पढ़ना चाहिए.
निर्मल वर्मा
हिमाचल प्रदेश के शिमला में जन्मे निर्मल वर्मा न केवल आधुनिक कथाकारों में शीर्ष पर रहे, बल्कि वे एक शानदार पत्रकार भी थे। साहित्य अकादमी, ज्ञानपीठ और मूर्तिदेवी पुरस्कार जैसे सम्मानों से नवाजे गए निर्मल वर्मा की लेखनी आपको दुनिया को एक नए और खूबसूरत नजरिए से देखना सिखाती है.
यदि आप अपनी बातों को बेहद खूबसूरत और परिष्कृत शब्दों में पिरोना चाहते हैं, और अपनी भाषा में नए बिंबों का प्रयोग करना चाहते हैं, तो निर्मल वर्मा का साहित्य आपके लिए अनिवार्य है. उनकी भाषा की गहराई किसी भी आम कहानी को बेहद खास बना देती है.
इनकी बेहतरीन लेखनी का स्वाद चखने के लिए 'रात का रिपोर्टर', 'वे दिन' और 'लाल टीन की छत' पढ़ने की आवश्कता है आपको.
"हिंदी साहित्य की दुनिया में पाठकों का दायरा बहुत विस्तृत है. मुख्य रूप से पाठक दो श्रेणियों में आते हैं पहले वे जो महज़ पढ़ने के आनंद और कि…"
