अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की रणनीतियां मैदान पर मूर्त रूप लेने लगी हैं. जहां अखिलेश यादव और राहुल गांधी राज्य में चुनावी सभाएं करने लगे हैं, तो सत्तारूढ़ भाजपा ने भी अपनी विकास परियोजनाओं और हिंदुत्व की राजनीति तेज कर दी है. इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए विपक्ष के शासनकाल की कानून-व्यवस्था और अयोध्या के श्रीराम मंदिर का जिक्र किया है.

क्या बोले योगी

मंगलवार को कुशीनगर में योगी बोले कि, आज की युवा पीढ़ी को शायद यह भी नहीं पता होगा कि कुछ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति कितनी खराब थी और किस प्रकार माफियाओं का आतंक राज्य में फैला हुआ था.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीराम का मुद्दा भी उठाया. वे बोले कि, अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के बाद यह पहला अवसर है जब उन्हें तमकुही राज और पावा नगर की पवित्र भूमि पर आने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह भूमि भगवान श्रीराम के पुत्र कुश से जुड़ी हुई है. इसके साथ ही भगवान बुद्ध और भगवान महावीर का भी इस क्षेत्र से गहरा संबंध रहा है.

विपक्ष पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने विपक्ष के कार्यकाल के संदर्भ में कहा कि, प्रदेश की जनता को नौ-दस वर्ष पहले की परिस्थितियों को याद करना चाहिए. उस समय प्रदेश बीमारियों और अव्यवस्था से जूझ रहा था. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न माफिया प्रदेश में सक्रिय थे और आम लोग परेशान हुआ करते थे. रेत माफिया, खनन माफिया और भूमि माफिया जैसे तत्वों का दबदबा राज्य में था, जिससे विकास कार्य बाधित होते थे और कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर असर पड़ता था.

जंगल पार्टी

बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी को जंगल पार्टी बताते हुए योगी आदित्यनाथ बोले हैं कि, उस समय तथाकथित 'जंगल पार्टी' का आतंक प्रदेश में देखने को मिलता था. उन्होंने कहा कि आज 25 वर्ष से कम आयु के युवाओं को शायद यह याद भी नहीं होगा कि उस दौर में लोग किस प्रकार भय के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर थे. उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने अपराध और माफिया तंत्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है.

भाजपा सरकार की उपलब्धियां

कुशीनगर के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करने पहुंचे थे. इस अवसर पर अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बोले कि, पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा और निवेश के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं. उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट और अन्य विकास परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है. सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश की सबसे बड़ी और मजबूत अर्थव्यवस्था वाले राज्यों में शामिल करना है.

परियोजनाएं

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इन परियोजनाओं में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है.

अपने संबोधन के अंत में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास, सुशासन और सुरक्षा के नए मॉडल के रूप में उभर रहा है. उन्होंने जनता से विकास की इस यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.

"अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की रणनीतियां मैदान पर मूर्त रूप लेने लगी हैं. जहां अखिलेश यादव और राहुल गांधी राज्य में चुन…"