बॉलीवुड में कई कॉमेडी फिल्में आईं, लेकिन कुछ ही फ्रेंचाइजी ऐसी हैं जो हर जनरेशन के दर्शकों को हंसाने में कामयाब रहीं. उन्हीं में से एक है ‘धमाल’. साल 2007 में रिलीज हुई इस फिल्म ने अपनी स्लैपस्टिक कॉमेडी, मजेदार किरदारों और खजाने की तलाश वाली कहानी से लोगों का दिल जीत लिया था. इसके बाद ‘Double Dhamaal’ (2011) और ‘Total Dhamaal’ (2019) ने इस फ्रेंचाइजी को और आगे बढ़ाया. लेकिन, अब करीब सात साल बाद मेकर्स ‘Dhamaal 4’ लेकर आ रहे हैं, जो 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. ट्रेलर, पुरानी स्टारकास्ट और ट्रेजर हंट की नई कहानी ने रिलीज से पहले ही फैन्स का क्रेज़ बढ़ा दिया है.

17 साल पहले शुरू हुआ था ‘धमाल’ का सफर

धमाल (2007)

यह कहानी चार बेरोजगार और गैर-जिम्मेदार दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है. उन्हें एक मरते हुए चोर से गोवा में दबे हुए ₹10 करोड़ के खजाने का पता चलता है. वे सभी उस खजाने को पाने के लिए निकलते हैं. हालांकि, एक पुलिस इंस्पेक्टर भी इस खजाने के पीछे पड़ जाता है, जिसके बाद उनके बीच की कॉमेडी और अतरंगी कहानी यूही चलती है, जिसने दर्शकों को अपना फैन बना लिया.

डबल धमाल (2011)

यह 2007 में आई धमाल की पहली फिल्म का सीधा सीक्वल है. चारों दोस्त अब एक अमीर बिजनेसमैन बन चुके हैं और अपने पुराने दुश्मन, इंस्पेक्टर कबीर के पैसे हड़पने की साजिश रचते हैं. वे खुद को उसके रिश्तेदारों के रूप में पेश करते हैं और उसे एक तेल प्रोजेक्ट में निवेश करने के लिए राजी करते हैं. लेकिन कबीर पहले से ही चालाक होता है, और वह उन्हें धोखा देकर सारे पैसे लूट लेता है. जिसके बाद चारों दोस्त मिलकर कबीर से अपना पैसा वापस पाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं. 

टोटल धमाल (2019)

यह इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है, जिसमें नए किरदार भी शामिल किए गए थे. कहानी दो चोरों द्वारा पुलिस से चुराए गए ₹50 करोड़ के काले धन से शुरू होती है. यह पैसा एक हादसे में खो जाता है और जनकपुर के एक जू में छिप जाता है. इन पैसों को हासिल करने के लिए वे कई अलग-अलग गुटों में बट जाते हैं और यहीं से कहानी का असली रोमांच शुरू होता है.

इस बार क्या है नया?

‘Dhamaal 4’ में एक बार फिर खजाने की तलाश होगी, लेकिन इस बार कहानी पुराने ‘W’ वाले पेड़ से आगे बढ़कर एक नए आइलैंड और ‘M’ मार्क वाले खजाने तक पहुंचती है. ट्रेलर में एडवेंचर, जंगल, जंगली जानवर और कॉमेडी का अनोखा डोज देखने को मिला है, जिसने रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर फिल्म की चर्चा तेज कर दी है. 

फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी स्टारकास्ट मानी जा रही है. अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख और जावेद जाफरी एक बार फिर साथ नजर आएंगे. इनके अलावा रवि किशन, संजय मिश्रा, उपेंद्र लिमये, ईशा गुप्ता और संजीदा शेख भी फिल्म का हिस्सा हैं. पुराने किरदारों की वापसी ने फैंस की उम्मीदें को और बढ़ा दिया है.

ट्रेलर और गानों ने बढ़ाया क्रेज़

12 जून को रिलीज हुआ ट्रेलर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है जिसके बाद फिल्म के गाने, खासकर भोजपुरी फ्लेवर वाला ‘फुलौरी बिना चटनी’, भी लोगों को पसंद आ रहा है. ट्रेलर और म्यूजिक की वजह से फिल्म रिलीज से पहले ही चर्चा में बनी हुई है.

फैंस की उम्मीदें क्यों हैं इतनी ज्यादा?

‘धमाल’ फ्रेंचाइजी हमेशा बिना ज्यादा लॉजिक वाली, हल्की-फुल्की फैमिली कॉमेडी के लिए जानी जाती है. यही वजह है कि लंबे इंतजार के बाद आ रही यह फ़िल्म दर्शकों को वैसी ही मस्ती, अफरा-तफरी और भरपूर हंसी की उम्मीद दिल रही है. अब देखना होगा कि क्या ‘Dhamaal 4’ अपने पुराने जादू को दोहरा पाती है?.


2007 में शुरू हुई ‘धमाल’ फ्रेंचाइजी अब अपनी चौथी फिल्म के साथ वापसी कर रही है. 10 जुलाई 2026 को रिलीज होने वाली ‘Dhamaal 4’ का ट्रेलर, स्टारकास्ट और कॉमिक एडवेंचर रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर चुके हैं.

"बॉलीवुड में कई कॉमेडी फिल्में आईं, लेकिन कुछ ही फ्रेंचाइजी ऐसी हैं जो हर जनरेशन के दर्शकों को हंसाने में कामयाब रहीं. उन्हीं में से एक है ‘ध…"