बिहार के लखीसराय में अशोक धाम मंदिर के पास सोमवार सुबह बड़ा हादसा हुआ. हादसे में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई. कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं.

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम वहां पहुंची. घायलों को अस्पताल भेजा दिया गया. राहत और बचाव का काम जारी है.

सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के खास मौके पर मंदिर में सुबह से ही हजारों भक्त पहुंचे थे. बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी थी. लखीसराय के इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर, अशोक धाम में जलाभिषेक को लेकर काफी भीड़ थी. इसी दौरान अचानक भगदड़ मच गई. हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई. इनमें 7 महिला श्रद्धालु शामिल हैं. वहीं, 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

करंट फैलने की अफवाह से मची भगदड़

भारी भीड़ के बीच अचानक एक अफवाह फैल गई. इससे मंदिर का माहौल चीख-पुकार में बदल गया. बताया जा रहा है कि रविवार रात मंदिर जाने वाले रास्ते पर बिजली का एक खंभा तार समेत गिर गया था.

सोमवार सुबह हजारों श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे. तभी किसी ने भीड़ में चिल्लाकर कहा कि गिरे हुए बिजली के खंभे में करंट आ रहा है. यह बात तेजी से फैल गई. श्रद्धालुओं में डर फैल गया. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इसी वजह से वहां भगदड़ मच गई.

लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे लखीसराय रेलवे स्टेशन पर दो ट्रेनें पहुंचीं. इन ट्रेनों से हजारों श्रद्धालु उतरकर मंदिर की ओर जाने लगे. इससे मंदिर मार्ग पर भीड़ काफी बढ़ गई. 

इसी दौरान करंट फैलने की अफवाह से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. लोगों की भीड़ खेतों की ओर लगी बांस-बल्ले की बैरिकेडिंग से टकरा गई. बैरिकेडिंग टूटते ही लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे. हादसे में दम घुटने और दबने से 7 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई.

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. इसके बाद राहत और बचाव का काम शुरू किया गया. सभी घायलों को एम्बुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया गया. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) भेजा जा रहा है. अस्पताल में परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल बेहद गमगीन है.

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अशोक धाम हादसे पर गहरा दुख जताया. उन्होंने घटना को बेहद दुखद और दिल दहला देने वाला बताया. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई. उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की मदद

मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द और बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं. प्रशासन को इलाज की पूरी व्यवस्था करने को कहा गया है. वहीं, बिहार सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है.

 


 

"बिहार के लखीसराय में अशोक धाम मंदिर के पास सोमवार सुबह बड़ा हादसा हुआ. हादसे में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई. कई लोग गंभीर रूप से घायल …"