मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में CBI ने चार्जशीट दाखिल की है. इसके साथ ही एक पुराना सवाल फिर सामने आया है क्या मानसिक क्रूरता को कोर्ट में साबित किया जा सकता है? और क्या ऐसी क्रूरता को आत्महत्या के लिए उकसाने से जोड़ा जा सकता है?

पूरा मामला क्या है?

पहले पूरा मामला समझते हैं. ट्विशा शर्मा ने वकील समर्थ सिंह से शादी की थी. शादी के करीब पांच महीने बाद, 12 मई 2026 को वह भोपाल स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिलीं. उनकी सास गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जिला जज हैं. CBI ने सोमवार को भोपाल की अदालत में चार्जशीट दाखिल की. जांच एजेंसी का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने ट्विशा को इतनी मानसिक प्रताड़ना दी कि उनके पास अपनी जान लेने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा. CBI ने मानसिक क्रूरता के आरोप में BNS की धारा 85 लगाई है. वहीं, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में धारा 108 का जिक्र किया गया है. AIIMS के मेडिकल बोर्ड ने भी अपनी रिपोर्ट दी है. रिपोर्ट के मुताबिक ट्विशा की मौत फंदे से लटकने के कारण हुई. उनके शरीर पर मारपीट या संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले. लेकिन यहां एक बात समझना जरूरी है.

चार्जशीट का मतलब यह नहीं है कि आरोपी दोषी साबित हो गए हैं. चार्जशीट में जांच एजेंसी के आरोप और उसके जुटाए सबूत होते हैं. अब इन सबूतों की कोर्ट में जांच होगी. गवाहों से जिरह होगी. दोनों पक्ष अपनी दलीलें रखेंगे. इसके बाद अदालत तय करेगी कि मानसिक क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप कितने साबित होते हैं. और यहीं से एक बड़ा सवाल उठता है जब चोट शरीर पर नहीं, बल्कि मन पर हो, तो उसे अदालत में कैसे साबित किया जाता है?

भारतीय कानून में ‘क्रूरता’ क्या है?

भारतीय कानून में पति या उसके रिश्तेदारों की क्रूरता को पहली बार 1986 में अपराध माना गया था. तब IPC की धारा 498A लाई गई थी. अब यही प्रावधान भारतीय न्याय संहिता यानी BNS में धारा 85 और 86 के तहत मौजूद है. करीब चार दशक में अदालतों ने इस कानून की कई पहलुओं पर विस्तार से बात की है. मसलन, क्रूरता किसे माना जाएगा? इसके लिए किन बातों को साबित करना होगा? और इसकी कानूनी सीमा क्या है?लेकिन किसी मामले में सिर्फ आरोप लगना काफी नहीं होता. उन्हें सबूतों के जरिए साबित करना पड़ता है.

न्याय पाने की प्रक्रिया भी यहीं से शुरू होती है.

सबसे पहले पुलिस को घटना या कथित अपराध की जानकारी दी जाती है. अगर पुलिस को लगता है कि संज्ञेय अपराध हुआ है, तो FIR दर्ज की जाती है. इसके बाद जांच होती है. पुलिस गवाहों के बयान लेती है और उपलब्ध सबूत जुटाती है. अगर जांच में आरोपों को सही ठहराने वाले पर्याप्त सबूत मिलते हैं, तो पुलिस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करती है. इसके बाद मामला अदालत में पहुंचता है. यहां आरोपी को अपना पक्ष रखने का मौका मिलता है. गवाहों से जिरह होती है और सबूतों की जांच की जाती है.

आखिर में अदालत तय करती है कि क्रूरता के आरोप कानून के मुताबिक साबित हुए हैं या नहीं.


 

"मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में CBI ने चार्जशीट दाखिल की है. इसके साथ ही एक पुराना सवाल फिर सामने आया है क्या मानसिक क्रूर…"