सीरिया में होटल के पास हुए धमाकों के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बयान जारी करते हुए कहा कि वह अपना दौरा जारी रखेंगे. मैक्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा, 

"सीरियाई महिलाओं और पुरुषों की एक पूरी तरह संप्रभु, सुरक्षित, बहुलवादी और एकजुट सीरिया में रहने की आकांक्षा को कोई भी दबा नहीं सकता. आज सुबह मैंने सीरिया को उसकी पूरी विविधता के साथ देखा. मैंने गरिमा, साहस और दृढ़ संकल्प देखा."

उन्होंने आगे लिखा, "मेरा दौरा जारी है."

सीरिया की राजधानी दमिश्क में 7 जुलाई को पर्यटन मंत्रालय और फोर सीजन्स होटल के पास दो बड़े धमाके हुए हैं.

सीरिया के गृह मंत्रालय के अनुसार, इन धमाकों में कम से कम 18 लोग घायल हुए हैं, जिनमें सीरिया के पर्यटन मंत्री भी शामिल हैं. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी इसी होटल में ठहरे हुए थे. मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अल-शरा के निमंत्रण पर दमिश्क पहुंचे हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) एक खड़ी कार और कूड़ेदान में छिपाए गए थे. सुरक्षा बलों द्वारा उन्हें सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की कोशिश के दौरान इनमें विस्फोट हो गया.

सूत्रों के अनुसार, जब मैक्रों होटल से अल शरा से मुलाकात के लिए निकल रहे थे, तभी होटल के बाहर तेज धमाके की आवाज सुनाई दी.

मैक्रों के होटल के बाहर धमाका

रिपोर्ट्स के अनुसार, होटल के बाहर खड़ी एक लाल कार में विस्फोट हुआ था.

इस बीच, सीरियाई पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है. मैक्रों अल-शरा सरकार के दौरान सीरिया का दौरा करने वाले पहले यूरोपीय संघ के नेता हैं. मैक्रों दो दिवसीय दौरे पर दमिश्क पहुंचे थे. यह उनके दौरे का आखिरी दिन था.

रिपोर्ट्स के अनुसार, धमाके दमिश्क के एक पॉश इलाके में हुए. दोनों धमाकों की आवाज पूरे दमिश्क में सुनाई दी. धमाकों से पहले मंगलवार सुबह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने दमिश्क के फोर सीजन्स होटल में कुछ समय बिताया था, जहां उन्होंने सीरिया की विविधता को लेकर सीरियाई नागरिक समाज के लोगों के साथ चर्चा की.

सीरिया में सुरक्षा चुनौतियां जारी

सीरियाई मीडिया के अनुसार, ये धमाके दमिश्क के मध्य इलाके में हुए, जिसके बाद आसमान में आग की लपटें और घना धुआ दिखाई दिया.

रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि पहला धमाका मैक्रों के काफिले के राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होने के कुछ समय बाद हुआ. दूसरा धमाका कुछ मीटर की दूरी पर एक एंबुलेंस के पास हुआ, जहां कई लोग जमा थे.

2 जुलाई को भी हुआ था धमाका

यह घटना दमिश्क में कुछ दिन पहले हुए एक अन्य हमले के बाद सामने आई है. 2 जुलाई को दमिश्क के एक कैफे में हुए बम धमाके में नौ लोगों की मौत हो गई थी और करीब 20 अन्य घायल हुए थे. असद के बाद सत्ता संभालने के बाद से राष्ट्रपति अहमद अल-शरा देश में स्थिरता लाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हालिया धमाके सीरिया में जारी सुरक्षा खतरों पर सवाल उठाते हैं.

"सीरिया में होटल के पास हुए धमाकों के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बयान जारी करते हुए कहा कि वह अपना दौरा जारी रखेंगे. मैक्रों…"