भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए चिंता बढ़ाने वाले संकेत सामने आए हैं. देश के आठ प्रमुख उद्योगों (Core Industries) की वृद्धि दर मई 2026 में घटकर महज 0.5 प्रतिशत रह गई, जबकि अप्रैल में यह 1.8 प्रतिशत थी. लगातार कमजोर पड़ती औद्योगिक रफ्तार इस बात का संकेत दे रही है कि ऊर्जा क्षेत्र की चुनौतियां अब अर्थव्यवस्था की गति को प्रभावित करने लगी हैं.

सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि देश के आठ प्रमुख उद्योगों में से पांच उद्योगों का उत्पादन घट गया, जबकि केवल तीन क्षेत्रों ने विकास दर्ज किया. ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आने वाले महीनों में हालात नहीं सुधरे तो इसका असर औद्योगिक उत्पादन, आर्थिक विकास और रोजगार पर भी दिखाई दे सकता है.

ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी कमजोरी

मई के आंकड़ों के अनुसार-

  • कोयला उत्पादन 9.3% घटा.
  • रिफाइनरी उत्पादों का उत्पादन 8.7% गिरा.
  • प्राकृतिक गैस उत्पादन 4.9% कम हुआ.
  • कच्चे तेल का उत्पादन 4.6% घट गया.
  • उर्वरक उत्पादन में भी 0.9% की गिरावट दर्ज की गई.

यह गिरावट केवल उत्पादन तक सीमित नहीं है. अर्थशास्त्रियों के अनुसार ऊर्जा क्षेत्र में कमजोरी का सीधा असर उद्योगों की लागत, बिजली उत्पादन, परिवहन और विनिर्माण गतिविधियों पर पड़ सकता है.

कोयला उत्पादन में गिरावट क्यों है खतरे की घंटी?

भारत में बिजली उत्पादन का बड़ा हिस्सा आज भी कोयले पर निर्भर है. ऐसे में कोयला उत्पादन में 9.3 प्रतिशत की गिरावट कई सवाल खड़े करती है.

यदि यह रुझान जारी रहता है तो—

  • बिजली संयंत्रों पर ईंधन का दबाव बढ़ सकता है.
  • कोयले के आयात पर निर्भरता बढ़ सकती है.
  • विदेशी मुद्रा का खर्च बढ़ सकता है.
  • उद्योगों की उत्पादन लागत में वृद्धि हो सकती है.

यानी एक सेक्टर की कमजोरी पूरी अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकती है.

तेल और गैस उत्पादन में गिरावट से बढ़ेगी आयात की निर्भरता?

भारत पहले से ही अपनी अधिकांश कच्चे तेल की जरूरत आयात से पूरी करता है. घरेलू उत्पादन में लगातार गिरावट का अर्थ है कि देश को और अधिक तेल विदेशों से खरीदना पड़ सकता है.

इसका असर-

  • व्यापार घाटे (Trade Deficit)
  • चालू खाते के घाटे (Current Account Deficit)
  • रुपये की मज़बूती
  • ईंधन की कीमतों

पर भी पड़ सकता है.

रिफाइनरी सेक्टर भी कमजोर

रिफाइनरी उत्पादन में 8.7 प्रतिशत की गिरावट यह संकेत देती है कि ऊर्जा क्षेत्र में मांग और उत्पादन दोनों पर दबाव बना हुआ है. यदि यह कमजोरी लंबे समय तक रहती है तो पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति और निर्यात दोनों प्रभावित हो सकते हैं.

तीन सेक्टरों ने बचाई लाज

हालांकि इन तीन सेक्टरों ने सम्मान को बचा रखा जिसमें शामिल है-

  • इस्पात उत्पादन 5% बढ़ा.
  • सीमेंट उत्पादन 8.4% बढ़ा.
  • बिजली उत्पादन 8.7% बढ़ा.

इन क्षेत्रों की मज़बूती से संकेत मिलता है कि सरकार की बुनियादी ढांचा परियोज़नायें अभी भी जारी हैं, लेकिन अकेले ये सेक्टर पूरे औद्योगिक क्षेत्र की कमजोरी की भरपाई नहीं कर पा रहे हैं.

क्या GDP पर पड़ेगा असर?

आठ प्रमुख उद्योग औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) का 40.27 प्रतिशत हिस्सा हैं. ऐसे में इनकी धीमी वृद्धि भविष्य में IIP और GDP दोनों के लिए चुनौती बन सकती है. यदि अगले कुछ महीनों तक यही स्थिति बनी रहती है तो आर्थिक वृद्धि दर पर दबाव बढ़ सकता है.

"भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए चिंता बढ़ाने वाले संकेत सामने आए हैं. देश के आठ प्रमुख उद्योगों (Core Industries) की वृद्धि दर मई 2026 में घटकर म…"