बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ इन दिनों एक विज्ञापन को लेकर मुश्किल में फंस गए हैं. महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने तीनों एक्टर्स को ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया है. FDA का आरोप है कि यह विज्ञापन राज्य में प्रतिबंधित ‘विमल पान मसाला’ का सरोगेट विज्ञापन हो सकता है.
15 दिन में देना होगा जवाब
FDA ने तीनों कलाकारों से 15 दिनों के भीतर जवाब मांगा है. नोटिस में उनसे यह साबित करने को कहा गया है कि ‘विमल इलायची’ वास्तव में अलग और बाजार में बिकने वाला उत्पाद है, न कि प्रतिबंधित पान मसाला या तंबाकू उत्पादों के प्रचार का तरीका.
विज्ञापन से जुड़े दस्तावेज भी मांगे
अधिकारियों ने विज्ञापन से जुड़े टीवी चैनलों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया की जानकारी के साथ-साथ उसके प्रसारण की अवधि भी मांगी है. इसके अलावा एक्टर्स और ब्रांड ओनर के बीच हुए कमर्शियल या कानूनी समझौते की जानकारी भी मांगी गई है.
10 लाख रुपये तक लग सकता है जुर्माना
FDA ने Food Safety and Standards Act, 2006 की धारा 24 और 53 का हवाला दिया है. धारा 53 के तहत भ्रामक विज्ञापन में शामिल पक्ष पर 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है.
FDA ने तीनों सितारों को फिलहाल विज्ञापन के प्रसारण या प्रचार में सहयोग न करने की हिदायत दी है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि शाहरुख, अजय और टाइगर इस नोटिस का क्या जवाब देते हैं.
"बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ इन दिनों एक विज्ञापन को लेकर मुश्किल में फंस गए हैं. महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिन…"
