जुलाई 2026 की शुरुआत के साथ वित्तीय और रोजमर्रा से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव होने जा रहे हैं. इनका असर आम लोगों की जेब और सुविधाओं दोनों पर पड़ेगा. इन बदलावों में आधार अपडेट, रेलवे नियम, बैंकिंग सेवाएं, क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड्स और ईंधन की कीमतों से जुड़े अपडेट शामिल हैं.

बिना टिकट यात्रा पर बढ़ा जुर्माना 

रेलवे में बिना टिकट यात्रा करने पर जुर्माना बढ़ाकर ₹250 से ₹500 किया गया है. इसके अलावा नियमों के उल्लंघन जैसे बिना अनुमति यात्रा, अवैध फेरी, भीड़-भाड़ या महिला कोच में प्रवेश पर भी भारी जुर्माना लगेगा. कुछ मामलों में यह जुर्माना ₹2,500 से ₹10,000 तक पहुंच सकता है, खासकर खतरनाक सामान ले जाने या गंभीर उल्लंघन पर.

आधार अपडेट पर नहीं लगेगा चार्ज 

1 जुलाई 2026 से आधार कार्ड में ई-मेल आईडी अपडेट करना आसान हो जाएगा. UIDAI की ओर से आधार मोबाइल एप के जरिए यह सुविधा दी जाएगी. खास बात यह है कि इस पर लगने वाला ₹75 का चार्ज अगले छह महीने (31 दिसंबर 2026 तक) माफ रहेगा. इसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपने आधार विवरण अपडेट रखने के लिए प्रोत्साहित करना है.

LPG की कीमतों में बढ़ोतरी  

हाल ही में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई है. जुलाई में भी अंतरराष्ट्रीय बाजार और भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण LPG दामों में बदलाव हो सकता है.

बैंकिंग नियमों में क्या होंगे बदलाव?

बैंकों द्वारा फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों में बदलाव संभव है. आरबीआई की मौद्रिक नीति और बाजार की स्थिति के अनुसार बैंक अपनी FD दरों की समीक्षा कर सकते हैं. निवेशकों को सलाह दी जाती है कि नई FD या रिन्यूअल से पहले ताज़ा ब्याज दर जरूर जांच लें.

क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड्स होंगे बंद 

कुछ SBI क्रेडिट कार्ड्स, खासकर PhonePe से जुड़े कार्डों पर रिवॉर्ड पॉइंट सिस्टम में बदलाव किया जाएगा. नए नियमों के तहत कुछ ट्रांजैक्शन पर रिवॉर्ड सीमित हो सकते हैं या बंद किए जा सकते हैं, जिससे ग्राहकों के लाभ पर असर पड़ेगा.

पेट्रोल-डीजल और ATF पर असर

कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते पेट्रोल-डीजल के दामों में बदलाव हो सकता है. साथ ही एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों पर भी असर पड़ने की संभावना है.

 

"जुलाई 2026 की शुरुआत के साथ वित्तीय और रोजमर्रा से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव होने जा रहे हैं. इनका असर आम लोगों की जेब और सुविधाओं दोनों प…"