कॉकरोच जनता पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत आज महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव से हुई. अभियान के दौरान सीजेपी फाउंडेशन के अभिजीत दिपके ने गांव के सरपंच का धन्यवाद किया. उन्होंने बताया कि सरपंच ने आठ दिनों के अंदर स्कूल में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है.
दिपके ने कहा कि शिक्षकों का मुख्य काम सिर्फ बच्चों को पढ़ाना होना चाहिए. शिक्षकों से दूसरे काम कराने के बजाय उन कामों के लिए अलग कर्मचारियों की नियुक्ति की जानी चाहिए.
देश में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा हैं, जिन्हें स्कूलों से जुड़े दूसरे कामों की जिम्मेदारी दी जा सकती है.
94 हजार स्कूल बंद
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देशभर में करीब 94 हजार स्कूल बंद हो चुके हैं. आजादी के 80 साल बाद भी कई स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी है. ऐसे में सवाल उठता है कि सरकार आखिर क्या कर रही है? उन्होंने ‘50 खोके, एकदम ओके’ का भी जिक्र किया. संतुक पिंपरी के जिला परिषद स्कूल परिसर में रंगोली बनाने के साथ इस अभियान की शुरुआत की गई.
सरपंच और ग्रामीण मिलकर पहचानेंगे स्कूलों की कमियां
दिपके के माता-पिता करीब 20 साल पहले हिंगोली से संभाजीनगर चले गए थे. दिपके ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सरपंचों और गांव के लोगों को अपने स्कूलों की कमियां पहचानने और उन्हें दूर करने के लिए प्रेरित करना है.
अभियान में स्कूलों में बिजली, साफ पीने का पानी, लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग साफ शौचालय और बेहतर मिड-डे मील जैसी बुनियादी सुविधाओं पर खास ध्यान दिया जाएगा. उन्होंने बताया था कि अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को सुबह 7:30 बजे की जाएगी.
दिपके के मुताबिक, सरपंच स्कूलों का निरीक्षण करेंगे और सुधार से पहले और बाद की तस्वीरें लेकर उन्हें साझा करेंगे. इससे दूसरे गांवों को भी अपने स्कूलों में सुधार करने की प्रेरणा मिलेगी.
पहले और बाद’ की तस्वीरें होंगी साझा
माता-पिता और ग्रामीण भी वीडियो के जरिए या एक आसान फॉर्म भरकर स्कूल की कमियां बता सकेंगे. यह फॉर्म CJP अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगा. इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि देश के सरकारी स्कूलों में किन-किन सुविधाओं की कमी है.
दिपके ने कहा कि अभियान का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि गांव के बच्चों को खराब स्कूल व्यवस्था के कारण अच्छी शिक्षा और बेहतर पढ़ाई का माहौल न खोना पड़े. उन्होंने कहा कि देशभर के लोग मिलकर सरकारी स्कूलों की निगरानी करेंगे और उनकी स्थिति सुधारने में योगदान देंगे.
"कॉकरोच जनता पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत आज महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव से हुई. अभियान के दौरान सीजेपी फाउ…"
