राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को बॉलीवुड की मशहूर बैकग्राउंड सिंगर अलका याज्ञिक को संगीत में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया. 60 वर्षीय अलका को मंच तक पहुँचने के दौरान एक सहायक की मदद लेते हुए देखा गया और साथ ही वह काफी कमजोर नजर आ रही थीं. यह वीडियो वायरल होने के बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर फैंस ने चिंता जताई है.
अलका याज्ञिक ने साझा किया इमोशनल पोस्ट
अलका याज्ञिक ने पद्म भूषण मिलने के बाद सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया. साथ ही उन्होंने अपने स्वास्थ्य संघर्षों के बारे में भी बात की.
उन्होंने लिखा कि पिछले दो सालों से वह लाइमलाइट और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर हैं और अपनी जीवन यात्रा को ज्यादा साझा नहीं करती है. उन्होंने बताया कि इस दौरान कई लोग उनके स्वास्थ्य संघर्षों के बारे में जानते थे और इस समय में उनके फैंस का प्यार, दुआएँ और समर्थन लगातार उनके साथ रहा.
अलका याज्ञिक ने आगे लिखा कि जब उन्होंने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्म भूषण प्राप्त करने के लिए कदम बढ़ाया, तो उनका दिल आभार से भर गया. उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं बल्कि उन सभी श्रोताओं का भी है जिन्होंने उनकी आवाज को अपने जीवन का हिस्सा बनाया.
धीरे-धीरे वापसी की कोशिश कर रही हैं अलका
अलका याज्ञिक ने कहा कि यह पल उनके लिए बेहद खास है क्योंकि यह सिर्फ उनके काम की पहचान नहीं है, बल्कि यह प्यार, उम्मीद और हिम्मत से मिलने वाली ताकत की भी याद दिलाता है. उन्होंने कहा कि वह धीरे-धीरे वापसी की कोशिश कर रही हैं और आज वह केवल अपने लिए नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए वहां मौजूद थीं जो उनकी यात्रा का हिस्सा रहे हैं.
वायरल संक्रमण से जूझ रही है गायिका
अलका याज्ञिक को वायरल संक्रमण के बाद सेंसरिन्यूरल हियरिंग लॉस की समस्या हुई है. उन्होंने पहली बार इसका खुलासा 2024 में किया था. कुछ महीने पहले एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि वह अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई हैं और उन्हें काम करने में कठिनाई हो रही है. उन्होंने कहा था कि “कई संगीतकार संपर्क करते हैं, लेकिन मैं काम नहीं कर पा रही हूँ.”
131 पद्म पुरस्कारों की मिली थी मंजूरी
इस वर्ष राष्ट्रपति ने कुल 131 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी है, जिनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं. पद्म भूषण से अभिनेता ममूटी और गायिका अलका याज्ञिक को सम्मानित किया गया. वहीं पद्म श्री के लिए अभिनेता मगंती मुरली मोहन, लोक कलाकार गुरु संग्युसांग पोंगेनर, अभिनेता राजेंद्र प्रसाद, अभिनेता आर. माधवन, अभिनेता अनिल कुमार रस्तोगी और दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को सम्मान मिला. दिवंगत सतीश शाह के लिए यह सम्मान उनके भाई अरविंद शाह ने ग्रहण किया.
"राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को बॉलीवुड की मशहूर बैकग्राउंड सिंगर अलका याज्ञिक को संगीत में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित…"
