दिल्ली में INDIA गठबंधन की अहम बैठक से पहले राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. एक तरफ विपक्षी दल एकजुटता दिखाने की तैयारी कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अंदर नाराजगी और बगावत की खबरें चर्चा में हैं.

8 जून को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाली INDIA बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और एनसीपी (एसपी) की सुप्रिया सुले समेत कई बड़े विपक्षी नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है. हालांकि आम आदमी पार्टी (AAP) और डीएमके के बैठक में शामिल होने से इंकार किया है जो विपक्षी दलों की एकता पर सवाल खड़ा करती है.

दिल्ली पहुंचीं ममता बनर्जी, केजरीवाल से की मुलाकात

इसी बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी अपने भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ दिल्ली पहुंचीं. दिल्ली पहुंचते ही उन्होंने AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की. औपचारिक तौर पर कहा गया कि यह विपक्षी दलों के बीच तालमेल बढ़ाने की कोशिश है, लेकिन लोग इसे टीएमसी के अंदर की हलचल से भी जोड़कर देख रहे हैं.

TMC में नाराजगी की चर्चा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीएमसी के कुछ सांसद पार्टी के कामकाज से खुश नहीं हैं। कुछ सांसदों के संपर्क में न होने और अलग गुट बनने की अटकलों ने पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है. हालांकि अभी तक किसी सांसद ने खुलकर बगावत की बात नहीं कही है.

पार्टी नेताओं का कहना है कि टीएमसी पूरी तरह एकजुट है और किसी तरह के विभाजन की बात सही नहीं है. लेकिन ममता बनर्जी का खुद दिल्ली आकर नेताओं और सांसदों से बातचीत करना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि पार्टी इन खबरों को हल्के में नहीं ले रही.

अभिषेक बनर्जी की भूमिका पर भी चर्चा

टीएमसी के अंदर चल रही चर्चाओं में अभिषेक बनर्जी का नाम भी प्रमुखता से सामने आ रहा है. पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने पार्टी की रणनीति और संगठन को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई है. उनके समर्थक उन्हें पार्टी का भविष्य मानते हैं, जबकि आलोचकों का कहना है कि पार्टी के फैसले अब कुछ चुनिंदा नेताओं तक सीमित होते जा रहे हैं.

हालांकि अब तक किसी भी नाराजगी को सीधे तौर पर अभिषेक बनर्जी से नहीं जोड़ा गया है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाएं इस पूरे घटनाक्रम का अहम हिस्सा हैं.

INDIA बैठक के साथ TMC पर भी नजर

ऐसे में INDIA गठबंधन की बैठक के साथ-साथ सभी की नजरें टीएमसी के अंदरूनी हालात पर भी बनी हुई हैं. विपक्षी एकता और पार्टी के भीतर की स्थिति आने वाले दिनों की राजनीति की दिशा तय कर सकती है.

"दिल्ली में INDIA गठबंधन की अहम बैठक से पहले राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. एक तरफ विपक्षी दल एकजुटता दिखाने की तैयारी कर रहे हैं, तो दूसरी त…"