प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 और 21 जून को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. साथ ही, पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त भी जारी करेंगे.
20 जून को हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम से प्रधानमंत्री देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर करेंगे. पश्चिम बंगाल के 45 लाख से अधिक किसानों को भी 900 करोड़ रुपये से ज्यादा की मदद मिलेगी.
कृषि क्षेत्र के लिए कई नई योजनाएं
प्रधानमंत्री इस दौरान कृषि से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत करेंगे. इनमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, एग्री स्टैक, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना शामिल हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और खेती को अधिक आधुनिक बनाना है.
पीएम मोदी दक्षिण 24 परगना के फ्रेजरगंज में आधुनिक फिशिंग हार्बर और बीरभूम जिले के सैंथिया में नए मॉडर्न फिश मार्केट का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा नदिया जिले के हरिंघाटा में सीमेन प्रोडक्शन लैब और बकरियों के लिए सीमेन बैंक का भी उद्घाटन करेंगे.
प्रधानमंत्री लगभग 590 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. हावड़ा में 300 बिस्तरों वाले नए डिवीजनल रेलवे अस्पताल की आधारशिला भी रखी जाएगी. इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी 49 सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल
21 जून को प्रधानमंत्री कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इस दौरान वे हजारों लोगों के साथ योग करेंगे और देशवासियों को संबोधित भी करेंगे.
कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर प्रधानमंत्री तीन स्वदेशी नौसैनिक जहाजों आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय को भारतीय नौसेना में शामिल करेंगे. इन जहाजों से देश की समुद्री सुरक्षा और निगरानी क्षमता मजबूत होगी.
प्रधानमंत्री के इस दौरे के दौरान कृषि, रेलवे, सड़क, मत्स्य पालन और पशुपालन से जुड़ी कई परियोजनाओं की शुरुआत होगी. इससे राज्य में विकास को गति मिलेगी और लाखों लोगों को इसका लाभ मिलेगा.
"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 और 21 जून को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. सा…"
