प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय दो दिन की इंडोनेशिया यात्रा पर हैं. जकार्ता पहुंचने पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनका आत्मीय स्वागत किया.

दोनों नेताओं के बीच अहम बैठक हुई, जिसमें भारत और इंडोनेशिया ने करीब 20 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए. इन समझौतों में रक्षा, ब्रह्मोस मिसाइल, कृषि, समुद्री सुरक्षा, अंतरिक्ष और ईवीएम जैसे कई अहम क्षेत्र शामिल हैं.

'बिंतांग आदिपूर्णा' से सम्मानित हुए पीएम मोदी

इस दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री मोदी को इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'बिंतांग आदिपूर्णा' भी प्रदान किया.

दोनों देशों की दोस्ती को आगे बढ़ाने की पहल

प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का दूसरा दिन भी काफी अहम है. वह इंडोनेशिया की संसद में विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे और सांसदों को संबोधित करेंगे. माना जा रहा है कि उनके भाषण में दोनों देशों की लोकतांत्रिक साझेदारी, पुराने रिश्तों और भविष्य के सहयोग पर खास जोर रहेगा.

इसके बाद प्रधानमंत्री जकार्ता में भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे. इस दौरान वह भारत की विकास यात्रा, दुनिया में भारत की बढ़ती भूमिका और भारत-इंडोनेशिया के सांस्कृतिक संबंधों पर अपनी बात रखेंगे.

इस यात्रा से दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.

इंडोनेशिया रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि यह दौरा दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूत करने का अच्छा अवसर है. उन्होंने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और जन-जन के रिश्ते हैं, जिन्हें आगे और मजबूत किया जाएगा.

प्रधानमंत्री ने यह भी याद दिलाया कि साल 2018 में उनकी यात्रा के दौरान दोनों देशों के रिश्तों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिला था. इस बार की यात्रा का उद्देश्य उसी सहयोग को नई गति देना और विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत करना है.


 

"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय दो दिन की इंडोनेशिया यात्रा पर हैं. जकार्ता पहुंचने पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनका आ…"