दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर पहुंच गए हैं. दिल्ली पुलिस ने उन्हें सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की आधिकारिक अनुमति दे दी है.
बीते 72 घंटे यानी सिर्फ 3 दिनों में पार्टी के 1 लाख से अधिक सदस्य जुड़ चुके हैं, जिसे पार्टी अपने लिए एक बड़ी उपलब्धि मान रही है. प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में कड़ी सुरक्षा की गई है. जानकारी के अनुसार, करीब 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.
पार्टी ने अपने समर्थकों से अपील की है कि वे सीधे जंतर-मंतर पहुंचें और संसद मार्ग थाने या इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इकट्ठे न हों. इससे पहले अमेरिका से दिल्ली पहुंचे अभिजीत दीपके से सीनियर पुलिस अधिकारियों ने आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर मुलाकात की थी.
दिल्ली पहुंचने के दौरान दीपके के हाथ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की आत्मकथा देखी गई. उन्होंने प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों से तिरंगा और कोई पुस्तक साथ लेकर आने की अपील की है. साथ ही प्रदर्शन को पूरी तरह शांतिपूर्ण बनाए रखने, पर्याप्त पानी साथ रखने और किसी भी प्रकार के उकसावे से बचने की सलाह भी दी गई है.
इस प्रदर्शन की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है. CJP का आरोप है कि NEET, CUET, CBSE समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने करोड़ों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है.
प्रदर्शन को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवासों के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. इसके अलावा जंतर-मंतर, आईजीआई एयरपोर्ट और दिल्ली के कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
"दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी प्रदर्शन में शामिल होने…"
