गुजरात के अहमदाबाद स्थित निर्मा यूनिवर्सिटी में एक स्टैंड-अप कॉमेडी इवेंट के दौरान प्रोफेसर और छात्र के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है. यह विवाद यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फेस्ट "Technofora 2026" के दौरान हुआ.

इस कार्यक्रम में "पोमेडी" (कविता और कॉमेडी का मेल) के लिए मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन रजत सूद मौजूद थे. इवेंट के बीच जब एक प्रोफेसर स्टेज पर स्पीच दे रहे थे, तभी भीड़ में से एक छात्र ने ज़ोर से बॉलीवुड फिल्म गोलमाल 3 का मशहूर डायलॉग चिल्लाया, ‘जल्दी कर, पनवेल निकलना है.’

प्रोफेसर ने तुरंत जवाब में कहा, ‘भाई तू निकल ना.’ इसके बाद छात्रों की हूटिंग शुरू हो गई, जिससे प्रोफेसर नाराज़ हो गए. उन्होंने छात्र को स्टेज पर बुलाकर सबके सामने उसका कॉलर पकड़ लिया.

वीडियो में प्रोफेसर को चेतावनी देते हुए सुना जा सकता है: ‘मैं किसी भी हद तक जा सकता हूं. जिस दिन तुमने निर्मा यूनिवर्सिटी के किसी फैकल्टी मेंबर का अपमान करने की हिम्मत की, मैं तुम्हारा काम तमाम कर दूंगा.’

इस हंगामे के बीच कॉमेडियन रजत सूद बिना कुछ कहे स्टेज से हाथ हिलाकर चुपचाप वहां से निकल गए.

मामले ने लिया राजनीतिक रंग
वीडियो वायरल होने के बाद इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं. कांग्रेस समर्थित छात्र संगठन एनएसयूआई (NSUI) ने प्रोफेसर के व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई है. संगठन के नेशनल कोऑर्डिनेटर भाविक सोलंकी ने बयान जारी कर कहा कि छात्र के साथ सरेआम अनुचित व्यवहार किया गया. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और प्रोफेसर से सार्वजनिक माफी की मांग की है, साथ ही चेतावनी दी है कि मांगें न माने जाने पर संगठन विरोध प्रदर्शन करेगा.

घटना को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. कुछ यूज़र्स इसे छात्र की अनुशासनहीनता बता रहे हैं, तो कई इसे प्रोफेसर के पद की गरिमा के खिलाफ मान रहे हैं. अभी तक निर्मा यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

 

-ममता सिंह 

"गुजरात के अहमदाबाद स्थित निर्मा यूनिवर्सिटी में एक स्टैंड-अप कॉमेडी इवेंट के दौरान प्रोफेसर और छात्र के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिय…"