देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर में बड़ा हादसा हुआ, हौज रानी स्थित एक रेस्टोरेंट में  बुधवार सुबह आठ बजे भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएं और आग की लपटों से घिर गई. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है.

दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 9:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए. घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और फंसे लोगों को बाहर निकाला गया.

दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट और होटल में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें कम से कम 18 विदेशी नागरिक शामिल थे.
ये सभी लोग भारत में इलाज के लिए आए मरीजों के साथ उनके अटेंडेंट के रूप में वहां ठहरे हुए थे, और मृतकों में बांग्लादेश, नाइजीरिया, मोजाम्बिक और लाइबेरिया के नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं.

होटल मालिक और फायर सेफ्टी को लेकर सवाल

शुरूवाती जांच में होटल के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल सामने आए हैं. जानकारी के अनुसार इस होटल का मालिक लोकेश बजाज है, जिसके साथ दो अन्य साझेदार भी इस कारोबार से जुड़े हुए हैं. बताया जा रहा है कि इन लोगों के दिल्ली में कई अन्य होटल और गेस्ट हाउस भी संचालित हैं.

जिस होटल में आग लगी थी, उसे दिल्ली फायर विभाग की ओर से वैध फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट जारी नहीं किया गया था. ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि बिना फायर सेफ्टी मंजूरी के होटल का संचालन कैसे किया जा रहा था. इसके अलावा छह मंजिला यह इमारत रिहायशी इलाके में स्थित है, जिससे निर्माण और उपयोग संबंधी नियमों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.

कैसे हुआ हादसा?

मौके पर मौजूद लोगो के मुताबिक आग लगते ही होटल और रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई थी. कई लोग धुएं में फंस गए, जबकि कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों और ऊपरी मंजिलों से बाहर निकलने की कोशिश की.

शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद रेस्टोरेंट से हुई थी. हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस, जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की टीमें मामले की जांच कर रही हैं.

प्रशासन ने शुरू की जांच

SDM और DDMA अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर को अलर्ट कर दिया गया था. सभी राहत एजेंसियों को तुरंत मौके पर भेजा गया. आग की भयावहता के कारण बचाव अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा और दमकल कर्मियों को लोगों को बाहर निकालने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा.

अब प्रशासन यह जांच कर रहा है कि इमारत में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं और कहीं सुरक्षा नियमों की अनदेखी तो नहीं की गई थी.

साकेत हादसे ने भी उठाए थे सवाल

चार दिन पहले ही दिल्ली के साकेत इलाके में एक पांच मंजिला इमारत गिरने से छह लोगों की मौत हो गई थी. हादसे के बाद एमसीडी मेयर ने स्वीकार किया था कि इमारत में अवैध निर्माण और प्रशासनिक लापरवाही की भूमिका रही. बताया गया कि इमारत को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की गई. अब मालवीय नगर अग्निकांड के बाद एक बार फिर राजधानी में सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने अवैध निर्माण, नियमों के पालन और प्रशासनिक जवाबदेही पर बहस तेज कर दी है.

इससे पहले भी दिल्ली में कई बड़े अग्निकांड हो चुके हैं:

14 मार्च 2024, शाहदरा: इमारत में आग लगने से 4 लोगों की मौत

15 फरवरी 2024, अलीपुर: पेंट फैक्ट्री में आग, 11 लोगों की मौत

13 मई 2022, मुंडका: चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में आग, 27 लोगों की जान गई

12 फरवरी 2019, करोल बाग: होटल अर्पित पैलेस अग्निकांड में 17 लोगों की मौत

8 दिसंबर 2019, रानी झांसी रोड: फैक्ट्री में आग लगने से 45 लोगों की मौत

31 मई 1999, लाल कुआं: रासायनिक बाजार में आग से 57 लोगों की मौत हुई थी

फायर सेफ्टी पर फिर बहस

मालवीय नगर का यह हादसा केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजधानी में कई होटल, रेस्टोरेंट और व्यावसायिक इमारतें फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं करतीं. ऐसे में यह हादसा प्रशासन और भवन मालिकों दोनों के लिए एक बड़ा चेतावनी संकेत माना जा रहा है.

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतकों की पहचान तथा हादसे के कारणों की जांच जारी है. पूरे इलाके में शोक और डर का माहौल बना हुआ है.

"देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर में बड़ा हादसा हुआ, हौज रानी स्थित एक रेस्टोरेंट में  बुधवार सुबह आठ बजे भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से …"