मध्य प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन रद्द होने के खिलाफ किया गया था. कांग्रेस नेताओं ने इस कदम को लोकतंत्र पर हमला बताया है . प्रदर्शन में पुलिस ने कई नेताओं और विधायकों को हिरासत में ले लिया है.
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर नाराज कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किया जाना गलत है. इसी मुद्दे को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और विधायक दिल्ली पहुंचे और 'सत्याग्रह' शुरू किया. प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने और उन्हें ज्ञापन सौंपने के लिए राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालना चाहते थे. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर के आसपास बैरिकेडिंग कर दी और आगे बढ़ने से रोक दिया.
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली. मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पुलिस उन्हें बस तक ले जाती दिखाई दी. उनके साथ कई अन्य कांग्रेस नेताओं और विधायकों को भी हिरासत में लिया गया.
राष्ट्रपति से मुलाकात न होने पर नाराजगी
कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा था, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी. इसे लेकर भी नेताओं ने नाराजगी जताई. मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में विधायक दल दिल्ली पहुंचा था.
प्रदर्शन के दौरान उमंग सिंघार ने राष्ट्रपति की भूमिका पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पूरे देश की होती हैं, किसी एक पार्टी की नहीं. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है.
क्यों हो रहा है पूरा विवाद?
पूरा विवाद कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के राज्यसभा नामांकन रद्द होने से शुरू हुआ. कांग्रेस इस फैसले को राजनीतिक साजिश बता रही है, जबकि मामला अदालत तक भी पहुंच चुका है. हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले में मीनाक्षी नटराजन को तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया था.
दिल्ली में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है. पार्टी इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी कर रही है, जबकि पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है.
"मध्य प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा…"
