झारखंड में मॉनसून की एंट्री हो चुकी है. इसके साथ ही रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है. पिछले 24 घंटों में बारिश के दौरान बिजली गिरने (वज्रपात) से 8 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची केंद्र के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून पूरे झारखंड को कवर कर लेगा. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.
पूर्वी सिंहभूम में सबसे अधिक 24 मिमी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में 24 मिमी बारिश हुई, जबकि रांची में 5 मिमी बारिश हुई. चाईबासा में 8, हजारीबाग में 6, लोहरदगा में 3, सरायकेला में 4 और बोकारो में 2 मिमी बारिश हुई.
बिजली गिरने से आठ लोगो की मौत
बारिश के दौरान झारखंड के अलग-अलग जिलों में बिजली गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए.
रांची के ठाकुरगांव के काटमकुल्ली गांव में एक महिला की जान चली गई. वहीं कांके प्रखंड के एक गांव में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई. गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड के घोसकेडीह गांव में 10 साल के अभिनीत राज की बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया.
गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में 65 वर्षीय राम अवतार पाल की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई. इसी जिले के खरौंधी क्षेत्र में भी एक महिला की जान चली गई.
सरायकेला जिले के राजनगर में बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई. इस घटना में उसके दादा और पोती भी घायल हो गए.
चतरा जिले के एक गांव में खेत में काम कर रही एक महिला मजदूर की बिजली गिरने से मौत हो गई. वहीं जामताड़ा के करमाटांड़ में 10 साल के एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और दो भाई घायल हो गए.
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून झारखंड के सभी जिलों में पहुंच जाएगा. राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.
"झारखंड में मॉनसून की एंट्री हो चुकी है. इसके साथ ही रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है. पिछले 24 घंटों में बारिश के दौरान …"
