कर्नाटक के मंगलुरु में जोकट्टे के पास स्थित एमआरपीएल ऑयल रिफाइनरी में 30 सितंबर को जोरदार धमाका हुआ. धमाके से आसपास के घर हिल गए और लोगों को झटके महसूस हुए.
उठा घने काले धुएं का गुबार
धमाके के बाद आसमान में घने काले धुएं का गुबार उठा, जो दूर से भी साफ दिखाई दे रहा था. बताया जा रहा है कि धमाका जोकट्टे इलाके में हुआ, जहां रिफाइनरी का तीसरा प्लांट है. प्लांट से आग की लपटें और घना धुआं निकलता देखा गया.
कई इलाकों में महसूस हुए झटके
बाजपे, कलावरु, बैकामपाडी, जोकट्टे, सुरथकल और कटिपल्ला के लोगों ने झटके महसूस किए. धमाके के असर से कई घरों की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूट गए. जोकट्टे ग्राम पंचायत भवन के शीशे भी टूटे हैं.
घबराकर घरों से बाहर निकले लोग
जोकट्टे ग्राम पंचायत भवन और उसके आसपास के लोगों ने अपने घरों को हिलते महसूस किया और घबराकर बाहर निकल आए. कुछ इमारतों में दरारें आने की भी खबर है. डीवाईएफआई नेता मुनीर कटिपल्ला के मुताबिक, बड़ी संख्या में लोग पंचायत भवन के पास जमा हो गए हैं. धमाके जैसी तेज आवाज दूर के इलाकों बैकामपाडी और सुरथकल में भी सुनी गई.
मौके पर पहुंचीं दमकल की गाड़ियां
सूचना मिलते ही मंगलुरु, पांडेश्वर और आसपास के इलाकों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. आग बुझाने का काम जारी है.
कंपनी का आधिकारिक बयान नहीं
मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) की ओर से अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. धमाके के कारण और नुकसान की स्थिति को लेकर भी फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है.
-ममता सिंह
"कर्नाटक के मंगलुरु में जोकट्टे के पास स्थित एमआरपीएल ऑयल रिफाइनरी में 30 सितंबर को जोरदार धमाका हुआ. धमाके से आसपास के घर हिल गए और लोगों को…"
