महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET) से पहले पेपर लीक का बड़ा मामला सामने आया है. 28 जून यानी कल होने वाली महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET) का पेपर लीक हो गया है. महाराष्ट्र के ठाणे से TET का पेपर लीक होने की खबर है. MAHA TET परीक्षा में 4 लाख के करीब कैंडिडेट शामिल होने वाले थे. पेपर लीक होने के कारण इस परीक्षा को फिलहाल स्थगित करने का फैसला किया गया है. शिक्षा विभाग परीक्षा की ओर से पेपर को स्थगित करने का ऐलान किया गया है. वहीं एग्जाम की नई तारीख की घोषणा जल्द कर दी जाएगी. NEET परीक्षा के पेपर लीक होने के बाद देश भर में हंगामा मचा हुआ था. इस बीच TET का पेपर लीक होने की घटना ने शिक्षा विभाग की खराब कार्यप्रणाली को एक बार फिर उजागर कर दिया है.

भिवंडी में छापेमारी

जानकारी के अनुसार, 27 जून की सुबह गुप्त सूचना मिलने पर भिवंडी पुलिस ने छापेमारी की. जांच के दौरान संदिग्धों के पास मिले प्रश्नपत्रों का मिलान किया गया, जो मूल TET प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए. इसके बाद भिवंडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया और कम से कम तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है.

इस परीक्षा में राज्यभर से लगभग 4.28 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद थी. परीक्षा के लिए 1,428 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. इनमें बड़ी संख्या में ऐसे शिक्षक भी शामिल थे, जो नौकरी में रहते हुए TET की अनिवार्य योग्यता प्राप्त करना चाहते थे.

2025 में भी सामने आया था TET पेपर लीक का मामला

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में TET पेपर लीक की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले वर्ष 2025 में भी कोल्हापुर से पेपर लीक का मामला सामने आया था, जिसके बाद परीक्षा व्यवस्था पर कई सवाल उठे थे.

शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. पंकज भोयर ने कहा कि भिवंडी में पेपर लीक की पुष्टि हुई है. उन्होंने आश्वासन दिया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ दोबारा आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए 28 जून की परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और शिक्षा विभाग नई परीक्षा तिथि जल्द जारी  करेगा.

 


 

"महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET) से पहले पेपर लीक का बड़ा मामला सामने आया है. 28 जून यानी कल होने वाली महाराष्ट्र शिक्षक पात…"