JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का विधानसभा मार्च रांची में शुरू हो गया है. पुराने विधानसभा मैदान से बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर आगे बढ़ रहे है. मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी पहले बैरिकेडिंग तक पहुंचे, जहां छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी.
छात्रों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. विधानसभा जाने वाले रास्तों पर कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है.
एंबुलेंस से मार्च में पहुंचे देवेंद्र नाथ महतो
वहीं, अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत खराब होने के बावजूद वे एंबुलेंस से विधानसभा के लिए रवाना हुए. उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों और उनके अधिकारों की आवाज उठाने के लिए वे विधानसभा पहुंच रहे हैं.
रांची की सड़कों पर छात्रों की भारी भीड़
फिलहाल रांची की सड़कों पर छात्रों की भारी भीड़ जुटी हुई है. प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है.
शांतिपूर्ण मार्च की अपील
छात्रों के प्रस्तावित विधानसभा मार्च को देखते हुए पुलिस प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है. एडीजी मुख्यालय मनोज कौशिक ने कहा कि विधानसभा के घेराव की संभावना को देखते हुए सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से मार्च करें. एडीजी ने कहा कि जिस अनुशासन के साथ छात्र पिछले दो सप्ताह से अधिक समय से आंदोलन कर रहे हैं, उसी तरह उन्हें आगे भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहिए.
एडीजी मनोज कौशिक ने कहा कि छात्रों की जिम्मेदारी है कि वे असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों को मार्च में शामिल होने से रोकें. प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे. रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने भी कहा कि मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र के करियर पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने का दाग नहीं लगना चाहिए.
BJP नेताओं ने भी किया प्रदर्शन
प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं को लेकर BJP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया. प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षाओं में पारदर्शिता और कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग की.
मांगों पर सरकार ने जताई सहमति
सरकार की ओर से बताया गया है कि 14वीं JPSC परीक्षा से जुड़े मामले की जांच ED और CID करेगी. जानकारी के मुताबिक, CID को 90 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करने का लक्ष्य दिया गया है. सरकार ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार यानी JPSC-JSSC रिफॉर्म के मुद्दे पर भी छात्रों की मांग को स्वीकार किया है. मंत्री के मुताबिक, सरकार ने छात्रों की करीब 98 फीसदी बातों को माना है और आंदोलन खत्म कराने की कोशिश की जा रही है. हालांकि परीक्षा रद्द करने समेत कुछ मुद्दों पर छात्रों और सरकार के बीच अंतिम सहमति नहीं बन पाई.
फिलहाल आंदोलन रांची की सड़कों पर जारी है. छात्र-छात्राएं अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं. अब देखना होगा कि सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है.
"JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का विधानसभा मार्च रांची में शुरू हो गया है. पुराने विधानसभा मैदान से बड़ी संख्…"
