नोएडा (जेवर) में बना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब पूरी तरह शुरू होने जा रहा है. यह वह सपना है जिसका इंतजार लोग पिछले 25 साल से कर रहे थे. सोमवार से यहां से पहली यात्री उड़ान शुरू होगी. इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश भी देश के हवाई नक्शे पर जुड़ जाएगा.
इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू बेंगलुरु जाने वाली पहली फ्लाइट को रवाना करेंगे. वहीं लखनऊ से एक खास वीआईपी फ्लाइट भी आएगी, जिसमें कई बड़े लोग शामिल होंगे.
पहले दिन यहां से लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए उड़ानें शुरू होंगी.इंडिगो एयरलाइंस की पहली उड़ान जो बेंगलुरु जाएगी, उसकी 180 सीटों में से 168 सीट बुक हो चुकी थीं. हैदराबाद के लिए 180 में से 138 बुक हो चुकी थीं, जबकि 42 खाली थीं. अमृतसर के लिए 180 में से 103 बुक हो चुकी थीं.
यह एयरपोर्ट काफी समय से बन रहा था। साल 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका शिलान्यास किया था. अब यह एयरपोर्ट धीरे-धीरे देश के सबसे बड़े और आधुनिक हवाई अड्डों में शामिल होने की ओर बढ़ रहा है.
अगले चरण में 16 शहरों से कनेक्टिविटी
1 जुलाई से यहां से नियमित उड़ानें शुरू हो जाएंगी. इन उड़ानों में नवी मुंबई, बरेली, जयपुर, भोपाल, चंडीगढ़ और देहरादून जैसे बड़े शहर शामिल होंगे.
हर दिन करीब 28 विमान यहां से उड़ान भरेंगे और उतरेंगे, जिससे यात्रियों को यात्रा के ज्यादा विकल्प मिलेंगे और कनेक्टिविटी बेहतर होगी.
17 जून से कार्गो उड़ानें भी शुरू होंगी. शुरुआत घरेलू कार्गो से होगी और आगे इसका विस्तार किया जाएगा. एयरपोर्ट पर बड़ा कार्गो हब भी तैयार किया गया है, जिसकी क्षमता लाखों टन माल ढुलाई की है.
यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं
इस एयरपोर्ट को बहुत आधुनिक सुविधाओं से बनाया गया है ताकि यात्रियों को आसानी हो.
यहां यात्री खुद से चेक-इन कर सकते हैं, जिससे लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी. बोर्डिंग की प्रक्रिया भी तेज और आसान रखी गई है.
एयरपोर्ट पर 48 चेक-इन काउंटर, 20 बैगेज ड्रॉप प्वाइंट और 10 एयरोब्रिज लगाए गए हैं. इन सुविधाओं की वजह से यात्रियों का समय बचेगा और सफर ज्यादा आरामदायक होगा.
स्थानीय लोगों और किसानों के लिए खास दिन
पहले दिन जेवर क्षेत्र के लगभग 170 किसान विशेष फ्लाइट से लखनऊ जाएंगे और मुख्यमंत्री योगी आदियनाथ से संवाद करेंगे. जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट से पहले दिन क्षेत्र के 170 किसान विमान में बैठकर लखनऊ की सैर करेंगे. इनमें 20 महिलाएं भी शामिल होंगी. ये वही किसान परिवार हैं, जिन्होंने नोएडा एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी पुश्तैनी ज़मीन समर्पित की हैं.
परिवहन सुविधा भी बढ़ेगी
यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश और हरियाणा रोडवेज की बसें भी एयरपोर्ट तक चलेंगी, जिससे आसपास के जिलों और शहरों से कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी.
कुल मिलाकर, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शुरुआत पश्चिमी यूपी के विकास और कनेक्टिविटी के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जो आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर बदल सकता है.
"नोएडा (जेवर) में बना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब पूरी तरह शुरू होने जा रहा है. यह वह सपना है जिसका इंतजार लोग पिछले 25 साल से कर रहे थे. सोम…"
