महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान झाल्टा फाटा इलाके के रहने वाले 48 वर्षीय मुरलीधर चांदगुड़े, उनकी पत्नी संगीता और 19 वर्षीय बेटे कुणाल के रूप में हुई है. इस घटना के पीछे की वजह बेहद चौंकाने वाली बताई जा रही है. दरअसल, पूरा मामला एक iPhone खरीदने की चाहत से शुरू हुआ था. 19 साल के कुणाल की iPhone लेने की जिद ने धीरे-धीरे ऐसा रूप ले लिया कि आखिरकार पूरे परिवार की जिंदगी तबाह हो गई. आइए जानते हैं, आखिर iPhone को लेकर शुरू हुआ यह विवाद इतना गंभीर कैसे हो गया.
iPhone की EMI को लेकर पिता से हुआ विवाद,
जांच में सामने आया कि 19 वर्षीय कुणाल ने हाल ही में एक iPhone खरीदा था और उसकी EMI भरने के लिए वह परिवार से पैसे मांग रहा था. इसी बात को लेकर उसके पिता मुरलीधर से उसकी कहासुनी हो गई. पिता की डांट से नाराज कुणाल घर से निकल गया और सुबह करीब 10 बजे वालुज MIDC थाना क्षेत्र के तिसगांव की एक पहाड़ी पर जाकर बैठ गया.
तीन घंटे तक बेटे को समझाते रहे
कुणाल के पहाड़ी पर जाने की खबर मिलते ही उसके माता-पिता भी वहां पहुंच गए. स्थानीय लोगों के साथ मिलकर उन्होंने करीब तीन घंटे तक कुणाल को समझाने और सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी. दोपहर करीब 1 बजे कुणाल के पिता उसके पास पहुंचे और उसे किनारे से खींचकर वापस लाने की कोशिश करने लगे. इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पहाड़ी से नीचे खाई में जा गिरे.
बेटे और पति को गिरता देख मां ने भी उठाया कदम
पति और बेटे को खाई में गिरता देख संगीता भी कुछ देर बाद नीचे कूद गईं. इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने तीनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना के समय बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक वहां मौजूद थे. कुणाल को समझाने और उसे सुरक्षित नीचे लाने की कोशिशों के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं.
iPhone 15 Pro देने की भी कोशिश
तिसगांव गांव के पूर्व सरपंच संजय जाधव भी कुणाल को समझाने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने बताया कि लोगों ने कुणाल से बार-बार अपनी मां के बारे में सोचने और कोई गलत कदम न उठाने की अपील की. उसे समझाने के लिए कुछ लोगों ने iPhone 15 Pro दिलाने की पेशकश तक की, लेकिन कुणाल अपनी जिद पर अड़ा रहा. लोगों ने उसे समझाया कि वह पढ़ा-लिखा है और उसका भविष्य अच्छा हो सकता है. इसके बावजूद वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ और मौत को ही अपना आखिरी रास्ता मान बैठा.
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने अभी तक पारिवारिक विवाद की पूरी परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है. साथ ही, कुणाल की मानसिक स्थिति को लेकर भी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है.
"महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान झाल्टा फाट…"
