भारतीय शेयर बाजार आज सुबह लाल रंग में खुले। कल के हरे रंग की चमक आज लाल रंग में बदल गई। कल सेंसेक्स 74,650 अंक पर एवं निफ्टी 23,483 अंक पर बंद हुआ था। बाजार पर अमेरिका-ईरान शांति वार्ता की विफलता साफ-साफ देखी जा रही है। वार्ता की विफलता से सेंसेक्स 144 अंक टूटकर 74,506 अंक पर एवं निफ्टी 68 अंक टूटकर 23,415 अंक पर खुला।

क्रूड ऑयल में तेजी

क्रूड ऑयल में 7 प्रतिशत से अधिक की तेज़ी, अंतर्राष्ट्रीय बाजारों के साथ-साथ भारतीय बाजारों को भी प्रभावित कर रही है। भारत अपने खपत का 82 प्रतिशत क्रूड ऑयल आयात करता है और इस समय मिडिल-ईस्ट तनाव से स्ट्रेट ऑफ हार्मुज पूरी तरह ईरान के अधीन हो गया है। आयात होने वाले क्रूड ऑयल का 60 प्रतिशत इसी हार्मुज के रास्ते से भारत आता है। ईरान इस पर प्रत्येक जहाज के गुजरने पर एक निश्चित शुल्क की मांग कर रहा है, जिसे अमेरिका स्वीकार नहीं कर रहा है। ईरान की आईआरजीसी (इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स) ने इस पर पूरी तरह से नियंत्रण कर रखा है।

आईटी शेयरों में बिकवाली

दो दिन से लगातार चढ़ रहे आईटी शेयरों में आज भारी बिकवाली देखने को मिल रही है। आईटी शेयरों में टीसीएस के शेयर के दाम पूरी तरह से धड़ाम हो गए हैं। इसमें आज 8.88 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। इसके साथ ही माइंडट्री में 7.7 प्रतिशत, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, विप्रो, टाटा टेक्नोलॉजीज, पर्सिस्टेंट इत्यादि आईटी शेयरों में 3 से लेकर 8 प्रतिशत तक की गिरावट देखी जा रही है।

शेयर बाजार के हर सेक्टर में गिरावट

शेयर बाजार के बैंकिंग, आईटी, मेटल, फार्मा, ऑटो, एफएमसीजी इत्यादि क्षेत्रों में भारी गिरावट देखी जा रही है। एसबीआई बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के शेयरों के दाम टूटे हैं।

रिज़र्व बैंक की बैठक जारी

रिज़र्व बैंक की मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी की बैठक 3 जून से 5 जून तक हो रही है एवं कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार भी रिज़र्व बैंक पिछली बैठक की तरह ही फैसला दे सकता है। इस बार भी रेपो रेट पूर्व की ही तरह रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। रिज़र्व बैंक इस बैठक के माध्यम से देश की जीडीपी और विकास दर को संतुलित रखने का कार्य करती है।

"भारतीय शेयर बाजार आज सुबह लाल रंग में खुले। कल के हरे रंग की चमक आज लाल रंग में बदल गई। कल सेंसेक्स 74,650 अंक पर एवं निफ्टी 23,483 अंक पर ब…"