दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कई अन्य नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोप है कि मंगलवार को विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान ये नेता बिना अनुमति आकाशवाणी भवन परिसर में घुस गए. पुलिस के अनुसार, आकाशवाणी के कर्मचारियों की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है. शिकायत में कहा गया है कि कांग्रेस नेताओं और उनके साथ आए सांसदों व अन्य लोगों ने जबरन दफ्तर में प्रवेश किया.
मामले की शुरुआत 6 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन के सांसदों के उस मार्च से हुई, जो मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर निकाला गया था. विपक्षी दल ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग के दफ्तर तक पहुंचना चाहते थे. मार्च के दौरान राहुल गांधी बैरिकेड पर चढ़ गए, जबकि सांसदों ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए. प्रियंका गांधी वाद्रा, एनसीपी (SP) की सांसद सुप्रिया सुले और कई अन्य विपक्षी नेता भी मार्च में शामिल थे.
संसद और चुनाव आयोग कार्यालय के आसपास भारी बैरिकेडिंग की गई थी. सुरक्षाकर्मियों ने नीति आयोग कार्यालय के पास सांसदों को रोक दिया. चुनाव आयोग का दफ्तर वहां से करीब 300 मीटर दूर था. आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारी संसद मार्ग स्थित आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए और वहीं धरने पर बैठ गए. राहुल गांधी दोपहर करीब 12 बजे परिसर में पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल हुए. जब पुलिस ने विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेना शुरू किया, तब राहुल और प्रियंका भी धरने में शामिल हो गए.
यह धरना आठ घंटे से अधिक समय तक चला. इसके बाद पुलिस ने परिसर खाली कराना शुरू किया और 6 अक्टूबर की रात राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाद्रा को कुछ समय के लिए हिरासत में लिया गया. पुलिस ने के सी वेणुगोपाल, चरणजीत सिंह चन्नी, पवन खेड़ा, के सुरेश, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, दीपेंद्र हुड्डा, प्रणीति शिंदे, वर्षा गायकवाड़ और इमरान प्रतापगढ़ी समेत कई कांग्रेस नेताओं व सांसदों को भी परिसर से हटाया.
अब तक की जानकारी के मुताबिक, FIR आकाशवाणी कर्मचारियों की शिकायत पर दर्ज हुई है और इसमें बिना अनुमति परिसर में घुसने का आरोप है. विपक्ष का कहना है कि यह प्रदर्शन चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ था. फिलहाल पुलिस की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि FIR में किन धाराओं का उल्लेख है.
-ममता सिंह
"दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कई अन्य नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोप है कि मंगलवार को वि…"













