पुणे के केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है. पुणे पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया है कि केतन की मौत कोई दुर्घटना नहीं थी, बल्कि यह एक सोची-समझी हत्या थी. पुलिस जांच के अनुसार, केतन की मंगेतर और उसके एक पुरुष मित्र ने मिलकर उसे 400 फीट गहरी खाई में धकेल दिया था.

तेज हवाओं के बीच गिरने की रची गई थी कहानी

पुणे के पास गहुंजे के रहने वाले और अपने पारिवारिक रियल एस्टेट व्यवसाय में डायरेक्टर केतन अग्रवाल की 18 जून को किले से गिरने के कारण मौत हो गई थी. शुरुआती जांच और मौके पर मौजूद लोगों के बयानों के आधार पर पुलिस ने तब कहा था कि तेज हवाओं के बीच तस्वीरें लेते समय केतन का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे घाटी में गिर गए. पुलिस ने इसे एक सामान्य दुर्घटना मानते हुए आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी.

दरअसल, यह पूरी ट्रेकिंग केतन की मंगेतर के आने वाले जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें मंगेतर के दो करीबी दोस्त भी शामिल हुए थे.

नवंबर में होने वाली थी शादी, पैलेस भी था बुक

जैसे-जैसे पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की, उन्हें घटनाक्रम में कुछ विसंगतियां और शक पैदा करने वाले तथ्य मिले. कड़ियों को जोड़ने पर पुलिस को पता चला कि केतन की मंगेतर और उसके पुरुष मित्र ने मिलकर उसे जानबूझकर खाई में धक्का दिया था. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने पुलिस और परिवार के सामने इस पूरी खौफनाक साजिश को एक प्राकृतिक हादसे का रूप देने की पुरजोर कोशिश की थी.

यह पूरा मामला इसलिए भी बेहद दर्दनाक है क्योंकि केतन की आगामी नवंबर महीने में उसी मंगेतर के साथ शादी होने वाली थी. दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां बड़े स्तर पर चल रही थीं और राजस्थान के उदयपुर में एक आलीशान पैलेस भी इस भव्य समारोह के लिए बुक किया जा चुका था.

पुलिस हिरासत में कबूल किया जुर्म

पुलिस ने इस मामले के आरोपी सिया गोयल और प्रेमी चेतन चौधरी को हिरासत में लिया. पुलिस के मुताबिक दोनों ने अपना जुर्म कबूल किया है. केतन की मौत के अगले दिन उसका शव खाई से बरामद किया गया. उससे अगले दिन सिया का बर्थडे था. बता दें कि फरवरी 2026 में केतन और सिया की सगाई हुई थी. पुणे जिले के गहुंजे में रहने वाले 26 साल के केतन एक रियल एस्टेट कारोबारी थे. सिया और केतन की सगाई एक तयशुदा शादी थी. बताया जा रहा है कि यह रिश्ता परिवार की उम्मीदों पर खरा उतरता हुआ दिखाई दे रहा था.

पुलिस ने बताया कि केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल का जन्मदिन मनाने के लिए 18 जून को लोहगढ़ ट्रेकिंग पर गए थे. दोनों की शादी नवंबर में होने वाली थी. खबरों के मुताबिक, दोनों परिवारों ने शादी के लिए राजस्थान में 17 करोड़ रुपये में एक महल बुक किया था और मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो निजी विमानों की व्यवस्था की गई थी. सिया ने शुरुआत में पुलिस को बताया कि तस्वीर खिंचवाते समय केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गया. तीन घंटे चले बचाव अभियान के बाद बचाव दल ने केतन का शव बाहर निकाला.

मुख्य बातें

  • पुणे पुलिस ने खुलासा किया है कि ट्रेकर केतन अग्रवाल की मौत कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या थी.
  • केतन की ही मंगेतर ने अपने एक पुरुष मित्र के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया.
  • आरोपियों ने ऐतिहासिक लोहागढ़ किले की ट्रैकिंग के दौरान केतन को गहरी खाई में धक्का दे दिया था.
  • केतन और उसकी मंगेतर की इसी साल नवंबर में उदयपुर के एक आलीशान पैलेस में शादी होने वाली थी.
  • पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है और घटना को हादसा दिखाने की उनकी कोशिश नाकाम कर दी है.

बता दें कि जिस लोहागढ़ किले में यह वारदात हुई, वह मराठा साम्राज्य के छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास से गहराई से जुड़ा हुआ है और महाराष्ट्र के उन 12 चुनिंदा किलों में शामिल है जिन्हें यूनेस्को द्वारा मान्यता प्राप्त विरासत का दर्जा मिला हुआ है.

"पुणे के केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है. पुणे पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया है कि केतन की मौत क…"