नई दिल्ली के संसद भवन एनेक्सी विस्तार भवन (EPHA) में शुक्रवार सुबह 11 बजे संसदीय सरकारी आश्वासन समिति की अहम बैठक होने जा रही है. इस बैठक में शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा होगी. समिति की अध्यक्षता वरिष्ठ राज्यसभा सांसद डॉ. एम. थम्बीदुरई करेंगे.

इस बैठक में शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव समिति के सामने अपना पक्ष रखेंगे. उनके साथ नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के महानिदेशक और सीबीआई के निदेशक भी मौजूद रहेंगे. बैठक में प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था, पारदर्शिता और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हो सकती है. हाल के दिनों में परीक्षा प्रणाली को लेकर कई सवाल उठे हैं, इसलिए इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है.

स्वास्थ्य मंत्रालय और NMC भी होंगे शामिल

बैठक के दूसरे हिस्से में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव समिति के सामने अपनी बात रखेंगे. उनके साथ नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के अध्यक्ष और सीबीआई निदेशक भी मौजूद रहेंगे. इस दौरान मेडिकल शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल संस्थानों से जुड़े मामलों पर चर्चा होने की संभावना है. समिति स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े मुद्दों की भी समीक्षा करेगी.

संसदीय सरकारी आश्वासन समिति का काम सरकार द्वारा संसद में किए गए वादों और घोषणाओं की समीक्षा करना होता है. समिति यह देखती है कि सरकार ने जो आश्वासन दिए हैं, उन पर कितना काम हुआ है.

आज की बैठक को इसी नजरिए से बहुत जरूरी मानी जा रही है. शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बड़े क्षेत्रों में सुधार और जवाबदेही पर समिति खास ध्यान दे रही है.

डॉ. एम. थम्बीदुरई कर रहे हैं अध्यक्षता

समिति के अध्यक्ष डॉ. एम. थम्बीदुरई देश के वरिष्ठ और अनुभवी सांसदों में गिने जाते हैं. वह वर्तमान में तमिलनाडु से राज्यसभा सांसद हैं. पूर्व में लोकसभा के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं. उन्होंने शिक्षा, कानून और परिवहन जैसे कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों में मंत्री के रूप में काम किया है. लंबे राजनीतिक अनुभव और संसदीय कार्यों में सक्रिय भूमिका के कारण उन्हें संसद में एक मजबूत और प्रभावशाली नेता माना जाता है.  

माना जा रहा है कि आज की बैठक से शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों पर आगे की दिशा तय हो सकती है. 

"नई दिल्ली के संसद भवन एनेक्सी विस्तार भवन (EPHA) में शुक्रवार सुबह 11 बजे संसदीय सरकारी आश्वासन समिति की अहम बैठक होने जा रही है. इस बैठक मे…"