फिलीपींस में सोमवार सुबह तेज भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 7.8 मापी गई. भूकंप के झटकों से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और कुछ इमारतें ढह गई. न्यूज़ एजेंसी एपी के मुताबिक अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 200 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.
भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप के पास समुद्र में था. भूकंप के बाद समुद्र में ऊँची लहर भी उठी, सबसे बड़ी लहर 1.4 मीटर (4.6फीट) ऊँची थी. खतरे को देखते हुए इंडोनेशिया और मलेशिया में भी सुनामी का अलर्ट जारी किया था. लेकिन स्थिति सामान्य होने के बाद इसे एचटीए दिया गया
138 आफ्टरशॉक से लोगों में दहशत
मुख्य भूकंप के बाद 138 छोटे-बड़े झटके (आफ्टरशॉक) महसूस किए गए. फिलीपींस के ज्वालामुखी और भूकंप विज्ञान संस्थान (PHIVOLCS) के अनुसार, इन झटकों की तीव्रता 1.3 से 6.7 तक रही. बार-बार आ रहे झटकों की वजह से लोगों में डर और चिंता का माहौल बढ़ गया. भूकंप से कई स्कूलों, सरकारी दफ्तरों और व्यापारिक इमारतों को नुकसान पहुंचा. कुछ जगहों पर सड़कें टूट गईं, जबकि कई इलाकों में लैंडस्लाइड की घटनाएं भी हुईं.
जनरल सैंटोस शहर में सबसे ज्यादा नुकसान
जनरल सैंटोस शहर में भूकंप का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला. करीब 7 लाख की आबादी वाले इस शहर में कई इमारतों में दरारें पड़ गईं, कुछ इमारतें आंशिक रूप से गिर गईं और एक पुल को भी नुकसान पहुंचा. राहत और बचाव टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद कर रही हैं. पुलिस के अनुसार, कुछ लोग अभी भी लापता हैं. एक स्कूल की इमारत गिरने की सूचना के बाद मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी है.
पड़ोसी देशों में भी महसूस हुए झटके
भूकंप के झटके इंडोनेशिया और मलेशिया के कुछ इलाकों में भी महसूस किए गए. जापान, इंडोनेशिया और अमेरिका की एजेंसियों ने समुद्र किनारे के कुछ क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की थी.
बाद में जब खतरा कम पाया गया, तो अधिकांश इलाकों के लिए ये चेतावनियां वापस ले ली गईं.
फिलीपींस 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में स्थित है
फिलीपींस प्रशांत महासागर के उस इलाके में स्थित है जिसे 'रिंग ऑफ फायर' कहा जाता है. यह दुनिया के सबसे अधिक भूकंप आने वाले क्षेत्रों में से एक है. यहां पृथ्वी की टेक्टोनिक प्लेटों की लगातार हलचल के कारण अक्सर भूकंप आते हैं और ज्वालामुखी भी फटते रहते हैं.
विशेषज्ञों का कहना है कि बड़े भूकंप के बाद आने वाले आफ्टरशॉक कई दिनों या हफ्तों तक जारी रह सकते हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
"फिलीपींस में सोमवार सुबह तेज भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 7.8 मापी गई. भूकंप के झटकों से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और कुछ इमारतें ढह गई. न्यूज…"
