हर साल एक अदृश्य आर्थिक चक्र चलता है. अप्रैल से जून के बीच भारतीय शेयर बाजार में एक ऐसा आर्थिक प्रवाह शुरू होता है, जिस पर शायद ही कभी राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा होती हो ,एक के बाद एक कंपनियां अपने वित्तीय नतीजे घोषित करती हैं फिर बोर्ड की बैठक होती है और उसके बाद आता है एक छोटा-सा शब्द डिविडेन्ड( Dividend). लेकिन यह केवल एक शब्द नहीं है. यही वह क्षण होता है जब कंपनियों का मुनाफा बैलेंस शीट से निकलकर सीधे करोड़ों निवेशकों के बैंक खातों में पहुंचना शुरू हो जाता है.

टीसीएस, आईटीसी, इन्फ़ोसिस, क़ोल इंडिया, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, आरईसी, पीएफ़सी, ओएनजीसी, एचय़ीएल और सैकड़ों अन्य कंपनियां हर साल अपने मुनाफे का हिस्सा निवेशकों के साथ बांटती हैं.

आधुनिक निवेशक भी ऐसे ही शेयरों की तलाश करते हैं जहाँ से लगातार लाभांश आता है, और निवेश भी लगातार लाभांश के लिए ही करते है जिसे हम लाभांश निवेश कह सकते हैं.

भारत में क्यों बढ़ रही है Dividend Investing की लोकप्रियता?

पिछले कुछ वर्षों में भारतीय शेयर बाजार में खुदरा निवेशकों की भागीदारी तेजी से बढ़ी है. करोड़ों डीमैट खाते खुल चुके हैं और निवेशकों की नई पीढ़ी अब केवल शेयर की कीमत बढ़ने का इंतजार नहीं करती, बल्कि नियमित आय देने वाले शेयरों की भी तलाश करती है. यही वजह है कि Dividend Investing अब केवल सेवानिवृत्त लोगों की रणनीति नहीं, बल्कि युवाओं के बीच भी लोकप्रिय हो रही है.

लाभांश अर्थव्यवस्था (Dividend Economy )आखिर है क्या?

अगर किसी देश की हजारों कंपनियां हर साल अपने लाभ का बड़ा हिस्सा निवेशकों को लौटा रही हों, तो वह केवल कॉर्पोरेट निर्णय नहीं रहता. वह अर्थव्यवस्था का हिस्सा बन जाता है.

यानी कंपनी ने मुनाफा कमाया, लाभांश दिया वह पैसा निवेशकों के बैंक खाते में पहुंचा, निवेशकों ने उस धन को खर्च किया या दोबारा निवेश किया जिससे अर्थव्यवस्था में नकदी का नया चक्र शुरू हुआ. इसी आर्थिक प्रवाह को हम लाभांश अर्थव्यवस्था (Dividend Economy) कह सकते हैं.

भारत के Dividend Kings कौन हैं?

कुछ कंपनियां ऐसी हैं जिन्होंने वर्षों तक अपने निवेशकों का भरोसा बनाए रखा और लाभांश निवेश को मजबूत किया जैसे-

टीसीएस

देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग ₹39,571 करोड़ का लाभांश घोषित किया. यह भारतीय कॉर्पोरेट इतिहास के सबसे बड़े लाभांश भुगतानों में से एक है.

आईटीसी

अगर नियमित लाभांश की बात हो तो आईटीसी का नाम सबसे ऊपर आता है. मजबूत नकदी प्रवाह और स्थिर कारोबार ने इसे लाखों निवेशकों की पसंद बनाया है.

क़ोल इंडिया

सरकारी कंपनियों में कोल इंडिया को 'Dividend Machine' कहा जाता है. कई वर्षों से यह ऊंचे लाभांश के लिए जानी जाती है.

पावर ग्रिड

स्थिर कारोबार, मजबूत नकदी प्रवाह और नियमित लाभांश- इसी वजह से यह रिटायरमेंट पोर्टफ़ोलियो में लोकप्रिय है.

इन्फ़ोसिस

लाभांश के साथ-साथ शेयर बायबैक की रणनीति ने इन्फ़ोसिस को निवेशकों के लिए लंबे समय से आकर्षक बनाए रखा है.

क्या भारत सचमुच लाभांश अर्थव्यवस्था बन रहा है?

भारत अभी एक उभरती हुई अर्थव्यवस्था है लेकिन इसके भीतर एक नई परत तेज़ी से मजबूत हो रही है, ऐसी कंपनियों की, जो विस्तार भी कर रही हैं और निवेशकों को नियमित लाभांश भी दे रही हैं. यही वजह है कि आज लाभांश केवल कॉर्पोरेट घोषणा नहीं, बल्कि लाखों भारतीय परिवारों की अतिरिक्त आय का स्रोत बन रहा है.

"हर साल एक अदृश्य आर्थिक चक्र चलता है. अप्रैल से जून के बीच भारतीय शेयर बाजार में एक ऐसा आर्थिक प्रवाह शुरू होता है, जिस पर शायद ही कभी राष्ट…"