देश का तापमान सारे रिकॉर्ड तोड़ रहा है. इस तापिश की मार से बचने लोग AC का अधिक सहारा ले रहे हैं. इस वजह से AC हादसे की खबरें भी आने लगी हैं. इसी बीच दिल्ली के हौज खास से भी एक ऐसी खबर सामने आई है, जहां भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के प्रथम अध्यक्ष धनेंद्र कुमार की AC हादसे में मौत हो गई. हालांकि बेटे और बहू ने मां की जान तो बचा ली पर पिता को नहीं बचा पाए. आइए जानते हैं कि आखिर कैसे AC की एक तकनीकी खराबी, आपको दम घोटकर मार सकती है.

कौन थे IAS धनेंद्र

रिटायर्ड IAS धनेंद्र कुमार 1968 बैच के अधिकारी हैं. कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान भारत में प्रतिस्पर्धा नियमन व्यवस्था को बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. फरवरी 2009 में उन्हें भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) का पहला अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था.

अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने हरियाणा सरकार और केंद्र सरकार को अपनी सेवाएं दी. वे हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HSIIDC) के प्रमुख, रक्षा मंत्रालय, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा संस्कृति मंत्रालय में सचिव भी रहे. 2005 से 2009 के बीच उन्होंने विश्व बैंक में भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका और भूटान का प्रतिनिधित्व भी किया है.

कब, कहां और कैसे हुआ हादसा

प्रारंभिक जांच के अनुसार घर में लगे AC के इनडोर यूनिट में तकनीकी खराबी के कारण आग लगी, जिसके बाद कमरे में धुआँ भर गया और दम घुटने से उनकी मौत हो गई. खबरों में बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान कुमार के बेटे, बहू, पत्नी और नौकर भी घर में मौजूद थे. कुमार के बेटे, जो विदेश में रहते थे, वो किसी पारिवारिक कार्यक्रम के सिलसिले में दिल्ली आए हुए थे.

पुलिस के मुताबिक, बेटे और बहू ने पहले व्हीलचेयर पर बैठी अपनी माँ को सुरक्षित बाहर निकाला और फिर घने धुएँ के बीच फँसे धनेंद्र कुमार को बचाने का प्रयास किया. इस बचाव के दौरान पुत्र को भी चोटें आई हैं.

पुलिस ने क्या बताया

दक्षिण दिल्ली के DCP अनंत मित्तल के अनुसार, 27 मई को रात करीब 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में आग लगने की खबर आती है. सूचना मिलने पर पुलिस और फायर टेंडरों की टीम आग पर काबू पाने घटना स्थल पर पहुंचती है.

पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में किसी आपराधिक साजिश के सबूत नहीं मिले हैं. घर के बिजली कनेक्शन और AC यूनिट की तकनीकी जांच कराई जा रही है, जिसके बाद अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी.

"देश का तापमान सारे रिकॉर्ड तोड़ रहा है. इस तापिश की मार से बचने लोग AC का अधिक सहारा ले रहे हैं. इस वजह से AC हादसे की खबरें भी आने लगी हैं.…"