दिल्ली समेत देश भर में जोरदार बारिश हो रही है. दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम में लगा जैसे नदी सड़क पर उतर आई हो. लोग जहां थे, वहीं थम गए. कार-बाइक के पहिए जाम हो गए. सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. लोग घंटों फंसे रहे. दूसरी तरफ, जो लोग जरूरी काम के लिए घर से बाहर निकलना चाहते थे, वे अपनी ही चारदीवारी में कैद होकर रह गए. मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया था. दिल्ली में तो अगस्त के पहले आठ दिनों में ही इस महीने की औसत बारिश से ज्यादा बारिश हो चुकी है. मौसम विभाग की सफदरजंग वेधशाला में अब तक कुल 230.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है.
8 दिन में ही अगस्त की औसत बारिश का आंकड़ा पार
शनिवार सुबह 8:30 बजे तक दिल्ली में 225.7 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी. इसके बाद सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 4.4 मिलीमीटर और बारिश हुई. इसके साथ ही अगस्त में अब तक कुल बारिश का आंकड़ा 230.1 मिलीमीटर पहुंच गया.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 1991 से 2020 के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में अगस्त के दौरान औसतन 226.8 मिलीमीटर बारिश होती है. लेकिन इस बार अगस्त के पहले आठ दिनों में ही बारिश इस औसत आंकड़े को पार कर गई है.
सफदरजंग में 24 घंटे में करीब 100 MM बारिश
सफदरजंग में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान 98.7 मिलीमीटर बारिश हुई. इससे पहले अगस्त में एक दिन में इससे अधिक बारिश एक अगस्त 2024 को दर्ज की गई थी. उस समय 107.6 मिलीमीटर वर्षा हुई थी.
शनिवार सुबह 8:30 बजे तक पालम में 104.6 मिलीमीटर, आयानगर में 115 मिलीमीटर, रिज में 89.8 मिलीमीटर और लोधी रोड में 86.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके बाद शाम 5:30 बजे तक आयानगर में 16 मिलीमीटर, रिज में 9.4 मिलीमीटर और लोधी रोड में 6.5 मिलीमीटर बारिश हुई. वहीं, सफदरजंग और पालम में 4.4-4.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
अगले दो दिन कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में हुई तेज बारिश के पीछे कई मौसम प्रणालियों का असर है. मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार से बारिश कम हो सकती है और अगले दो दिनों में हल्की बारिश होने की संभावना है.
तीन फीट तक पानी, सड़कें बनीं तालाब
लगातार बारिश के कारण दिल्ली के कई प्रमुख रास्तों पर लगभग तीन फीट तक पानी भर गया है. इससे कई वाहन पानी में फंस गए और सड़कों पर लंबा जाम लग गया. बारिश का असर तापमान पर भी पड़ा. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.7 डिग्री कम रहा.
सड़कों के बाद अब उड़ानों पर भी बारिश की मार
शुक्रवार को हुई तेज बारिश और खराब मौसम का असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला. खराब मौसम के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ. कुल 652 उड़ानें यानी करीब 48 फीसदी उड़ानें देरी से चलीं, जबकि 17 उड़ानों को रद्द करना पड़ा.
शुक्रवार रात तक उड़ानों में औसतन 25 मिनट की देरी दर्ज की गई. उड़ानों में देरी की कई वजहें रहीं, लेकिन भारी बारिश, कम दृश्यता, एयर ट्रैफिक की भीड़ और मौसम संबंधी प्रतिबंध प्रमुख कारण रहे.
एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस जरूर चेक कर लें.
"दिल्ली समेत देश भर में जोरदार बारिश हो रही है. दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम में लगा जैसे नदी सड़क पर उतर आई हो. लोग जहां थे, वहीं थ…"
