दिल्ली सरकार जल्द ही महिलाओं के लिए एक नई योजना शुरू करने जा रही है. इस योजना का नाम महिला समृद्धि योजना है. बताया जा रहा है कि इसकी शुरुआत 28 अगस्त यानी रक्षाबंधन के मौके पर की जा सकती है.
इस योजना के तहत दिल्ली की पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. सरकार का लक्ष्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को मदद पहुंचाना है.
सूत्रों के मुताबिक, इस योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं. दिल्ली सरकार ने चुनाव के समय महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का वादा किया था, जिसे अब पूरा करने की तैयारी की जा रही है.
सरकार ने योजना से जुड़ी लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल भी तैयार किया गया है.
20-22 लाख महिलाओं को मिलेगा फायदा
इस योजना का फायदा 21 से 60 साल तक की उन महिलाओं को मिलेगा, जो पात्रता की शर्तें पूरी करती हैं. अनुमान है कि दिल्ली की करीब 20 से 22 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिल सकता है. इसके लिए दिल्ली सरकार ने बजट में 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है.
इन महिलाओं को मिलेगा लाभ
अब बात करते हैं कि इस योजना का लाभ किन महिलाओं को मिलेगा. इसके लिए महिला का दिल्ली का निवासी होना जरूरी होगा. साथ ही परिवार की आय तय सीमा के अंदर होनी चाहिए. राशन कार्ड रखने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी.
वहीं, सरकारी नौकरी करने वाली महिलाएं, इनकम टैक्स भरने वाली महिलाएं और जिनके पास चार पहिया वाहन है, वे इस योजना का लाभ नहीं ले पाएंगी.
योजना की आधिकारिक घोषणा के बाद आवेदन और पात्रता से जुड़ी पूरी जानकारी जारी की जाएगी.
"दिल्ली सरकार जल्द ही महिलाओं के लिए एक नई योजना शुरू करने जा रही है. इस योजना का नाम महिला समृद्धि योजना है. बताया जा रहा है कि इसकी शुरुआत …"
