अगर आप अपनी बचत पर बैंक एफडी (Fixed Deposit) से थोड़ा बेहतर रिटर्न चाहते हैं, और शेयर बाजार की रोज़ाना होने वाली तेज़ उठापटक से बचना चाहते हैं, तो कॉरपोरेट बॉन्ड (Corporate Bond) आपके लिए एक विकल्प हो सकता है.
हालांकि, यह निवेश जितना आकर्षक दिखता है, उतना ही जरूरी है इसके जोखिमों को समझना. यही वजह है कि वित्तीय सलाहकार हमेशा कहते हैं-"बॉन्ड खरीदने से पहले कंपनी को समझिए, सिर्फ ब्याज दर को नहीं".
आखिर होता क्या कार्पोरेट बॉन्ड है?
मान लीजिए किसी कंपनी को नया प्लांट लगाना है या कारोबार बढ़ाने के लिए ₹1,000 करोड़ की जरूरत है. कंपनी बैंक से लोन लेने के बजाय जनता और संस्थागत निवेशकों से पैसा जुटाने के लिए बॉन्ड जारी करती है.
यदि आप वह बॉन्ड खरीदते हैं, तो आप कंपनी के मालिक नहीं, बल्कि कर्जदाता (Lender) बन जाते हैं. कंपनी तय अवधि तक आपको निश्चित ब्याज (Coupon) देती है और मैच्योरिटी पूरी होने पर मूलधन लौटा देती है.
कितना मिल सकता है रिटर्न?
भारत में अच्छी रेटिंग (AAA) वाले कॉरपोरेट बॉन्ड पर आमतौर पर 7% से 8.5% तक की यील्ड मिल सकती है, जबकि कुछ AA या उससे नीचे की रेटिंग वाले बॉन्ड 9% से 11% या उससे अधिक रिटर्न का दावा करते हैं. लेकिन याद रखें- जितना अधिक रिटर्न, उतना अधिक जोखिम उठाना पड़ सकता है.
उदाहरण के लिए, यदि आपने ₹1 लाख का 8% कूपन वाला पांच साल का बॉन्ड खरीदा है, तो आपको हर साल ₹8,000 ब्याज मिलेगा। पांच साल बाद कंपनी ₹1 लाख मूलधन भी लौटा देगी। यानी कुल ₹40,000 ब्याज और ₹1 लाख मूलधन प्राप्त होगा .
निवेश कैसे करें?
आज कॉरपोरेट बॉन्ड में निवेश पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है. डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट के जरिए आप NSE या BSE के डेब्ट सेगमेंट में सूचीबद्ध बॉन्ड खरीद सकते हैं.
कई कंपनियां Non-Convertible Debenture (NCD) भी जारी करती हैं, जिनमें आम निवेशक सीधे आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा कई ऑनलाइन बॉन्ड प्लेटफॉर्म भी उपलब्ध हैं, जहां अलग-अलग कंपनियों के बॉन्ड की तुलना कर निवेश किया जा सकता है.
किन कंपनियों के बॉन्ड लोकप्रिय हैं?
भारतीय बाजार में HDFC Bank, Tata Capital, Bajaj Finance, L&T Finance, Mahindra Finance, Cholamandalam Investment, Muthoot Finance जैसी निजी कंपनियों के बॉन्ड निवेशकों के बीच लोकप्रिय हैं.
वहीं REC, PFC, NABARD और SIDBI जैसी सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं के बॉन्ड भी अपेक्षाकृत सुरक्षित माने जाते हैं. हालांकि, किसी भी बॉन्ड में निवेश से पहले उसकी मौजूदा क्रेडिट रेटिंग और वित्तीय स्थिति की जांच करना जरूरी है.
सबसे पहले देखें Credit Rating
बॉन्ड खरीदने से पहले CRISIL, ICRA, CARE Ratings या India Ratings जैसी एजेंसियों द्वारा दी गई रेटिंग जरूर देखें.
- AAA – सबसे सुरक्षित
- AA – कम जोखिम
- A – मध्यम जोखिम
- BBB – निवेश योग्य, लेकिन जोखिम अधिक
- BB और उससे नीचे – उच्च जोखिम
यदि कोई कंपनी 12% या 13% ब्याज देने का वादा कर रही है, तो यह भी समझिए कि बाजार उसे अधिक जोखिम वाला मान रहा है.
क्या हैं सबसे बड़े जोखिम?
कॉरपोरेट बॉन्ड में निवेश पूरी तरह सुरक्षित नहीं होता. यदि कंपनी की वित्तीय स्थिति खराब हो जाए या वह दिवालिया हो जाए, तो ब्याज और मूलधन दोनों पर असर पड़ सकता है. इसके अलावा यदि बाजार में ब्याज दरें बढ़ जाती हैं, तो पुराने बॉन्ड की कीमत घट सकती है. कुछ बॉन्ड में ट्रेडिंग कम होने के कारण उन्हें समय से पहले बेचना भी मुश्किल हो सकता है.
भारत में बॉन्ड बाजार क्यों महत्वपूर्ण है?
भारत में अभी भी अधिकांश कंपनियां पूंजी जुटाने के लिए बैंकों पर निर्भर हैं. OECD की एशिया मार्केट कैपिटल रिपोर्ट 2026 के अनुसार भारत का कॉरपोरेट बॉन्ड बाजार GDP का केवल 3.4% है, जबकि चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों में यह कई गुना बड़ा है. इसका मतलब है कि आने वाले वर्षों में भारत में कॉरपोरेट बॉन्ड बाजार के विस्तार की बड़ी संभावना है.
निवेशकों के लिए अंतिम सलाह
यदि आप पहली बार बॉन्ड में निवेश कर रहे हैं, तो केवल ऊंचे ब्याज के लालच में फैसला न लें. हमेशा कंपनी की क्रेडिट रेटिंग, वित्तीय स्थिति, मैच्योरिटी, और लिक्विडिटी की जांच करें. अपनी पूरी बचत एक ही बॉन्ड में लगाने के बजाय अलग-अलग कंपनियों और एसेट क्लास में निवेश करें. सही जानकारी और संतुलित रणनीति के साथ कॉरपोरेट बॉन्ड आपके पोर्टफ़ोलियो में स्थिर आय और जोखिम संतुलन का मजबूत साधन बन सकते है.
"अगर आप अपनी बचत पर बैंक एफडी (Fixed Deposit) से थोड़ा बेहतर रिटर्न चाहते हैं, और शेयर बाजार की रोज़ाना होने वाली तेज़ उठापटक से बचना चाहते ह…"
